जयपुर (राजस्थान): राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने कहा है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा पूरी तरह सरकारी खर्च पर की जा रही भाजपा की चुनावी यात्रा है और इसे तुरंत रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने एक जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए भाजपा से इस यात्रा पर हुए खर्च का हिसाब शपथ पत्र सहित पेश करने के आदेश देकर प्रथम दृष्ट्या मान लिया है कि यह यात्रा सरकारी धन पर चल रही है।
Related Stories
गहलोत ने एक बयान में कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि यह यात्रा सरकारी खर्चे पर की जा रही है। इसके लिए बाकायदा विभिन्न विभागों द्वारा आदेश भी जारी किये गये। गौरव यात्रा में जिस कदर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया, मुख्यमंत्री को इसके लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। एक अन्य बयान में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने भी भाजपा सरकार द्वारा राजस्थान गौरव यात्रा के चुनावी कार्यक्रम में सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग पर न्यायालय की आपत्ति के बाद भी सार्वजनिक निर्माण विभाग, पिण्डवाडा-आबू द्वारा निविदाएं आमंत्रित किये जाने को न्यायपालिका की अवमानना बताया है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा निविदा जारी करने से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार न्यायपालिका का सम्मान नहीं करती है। भाजपा सरकार का यह कदम बताता है कि सरकार को ना जनभावना की परवाह है ना ही न्यायालय के निर्देशों का सम्मान है।