1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कुंवर प्रणव चैंपियन पर सख्त BJP, 6 साल के लिए पार्टी से निकाला

कुंवर प्रणव चैंपियन पर सख्त BJP, 6 साल के लिए पार्टी से निकाला

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 17, 2019 04:08 pm IST,  Updated : Jul 17, 2019 04:09 pm IST

बीजेपी ने विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है। BJP ने चैंपियन को पार्टी से निकालने का फैसला तब लिया जब हाल ही में उनका शराब के नशे में धुत एक दो नहीं बल्कि 3-3 तमंचों के साथ डांस करते हुए वीडियो सामने आया था।

Kunwar Pranav Champion has been expelled from BJP for 6 years- India TV Hindi
Kunwar Pranav Champion has been expelled from BJP for 6 years

नई दिल्ली: बीजेपी ने विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है। BJP ने चैंपियन को पार्टी से निकालने का फैसला तब लिया जब हाल ही में उनका शराब के नशे में धुत एक दो नहीं बल्कि 3-3 तमंचों के साथ डांस करते हुए वीडियो सामने आया था। वीडियो में चैंपियन शराब और कबाब के साथ हथियारों का ऐसा हिसाब किताब बताते हुए नजर आए थे कि बड़े-बड़े तीसमारखां भी ऐसा हिसाब किताब जानकर हैरान रह जाएं। 

वीडियो में साफ दिख रहा है कि हथियारों की नुमाइश करते-करते प्रणव सिंह चैंपियन ने एक रिवॉल्वर मुंह में थाम ली और इसी अंदाज़ में वीडियो बनवाते रहे। इसके बाद नेताजी ने एक हाथ में एक साथ 3-3 रिवॉल्वर थाम ली और सीना ठोंक कर ऐलान कर दिया कि कोई ऐसा करके दिखाए तो हम उसे उस्ताद मानें। यकीन नहीं हो रहा हो तो खुद ही वीडियो देख लीजिए-

ये पहला मौका नहीं

दरअसल, ये पहला मौका नहीं था जब चैंपियन ऐसे विवादों में रहे हों। खास बात ये कि वक्त बदल गया, पार्टी बदल गई लेकिन नहीं बदला तो प्रणव सिंह का दबंग अंदाज़। करीब 4 साल पहले जब चैंपियन कांग्रेस विधायक और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री थे तब भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो के बाद बीजेपी ने जमकर सवाल किया और कांग्रेस को जवाब सूझ नहीं रहा था कि आखिर वो बोले क्या।

डांस के शौकीन रहे हैं चैंपियन!

यही नहीं, फरवरी 2016 में फिर एक गाना बजा और फिर कांग्रेस के विधायक रहते हुए कुंवर खुद को रोक नहीं सके। इस बार तो एक कार्यक्रम में मंच पर ही ऐसे-ऐसे स्टेप कर दिए कि जाने-माने कोरियाग्राफर की क्या बिसात। बवाल इस बार भी हुआ। बीजेपी ने सवाल फिर खड़े किए। इसके बाद कुंवर प्रणव सिंह कांग्रेस से बीजेपी की नाव पर सवार हो गए लेकिन विवादों को साथ लेकर। अब तो BJP ने उन्हें पार्टी से निकाल ही दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत