1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ज्योतिरादित्य को बड़ा झटका, सांसद प्रतिनिधि और उनकी पत्नी ने छोड़ी कांग्रेस, कल होंगे BJP में शामिल

ज्योतिरादित्य को बड़ा झटका, सांसद प्रतिनिधि और उनकी पत्नी ने छोड़ी कांग्रेस, कल होंगे BJP में शामिल

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 31, 2018 06:53 pm IST,  Updated : Jan 31, 2018 06:58 pm IST

सांसद प्रतिनिधि केपी यादव ने कहा, कल मुख्यमंत्री मेरे क्षेत्र में आ रहे हैं, वहीं उनके सामने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करूंगा...

jyotiraditya scindia- India TV Hindi
jyotiraditya scindia

भोपाल: लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक ज्योतिरादित्य सिंधिया के सांसद प्रतिनिधि के.पी. यादव एवं उनकी पत्नी अनुराधा यादव ने आज कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। यादव ने मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा सीट से टिकट न मिलने से नाराज होकर कांग्रेस छोड़ी है। अशोकनगर जिले की मुंगावली सीट कांग्रेस विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा के निधन से खाली हुई है। इस सीट पर 24 फरवरी को उपचुनाव होना है और कांग्रेस ने इस सीट से बृजेन्द्र सिंह यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है।

ज्योतिरादित्य के सांसद प्रतिनिधि के.पी. यादव ने यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह से समक्ष संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं जिस पार्टी की सेवा कर रहा था, उससे आज त्यागपत्र देता हूं।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विकास के लिए किए गए कार्यों से प्रभावित होकर मैं और मेरी पत्नी, जो कि जिला पंचायत सदस्य हैं, भाजपा में कल शामिल हो रहे हैं ताकि हमारे मुंगावली क्षेत्र का भी विकास हो। मैं जनता के हित में काम करना चाहता हूं।

इस दौरान उनकी पत्नी एवं कांग्रेस नेता अनुराधा भी मौजूद थीं। यादव दंपति पेशे से चिकित्सक हैं और मुंगावली में अस्पताल चलाते हैं। यादव ने कहा, ‘‘मैं मुंगावली विधानसभा सीट के लिए (24 फरवरी को) होने वाले उपचुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार था। मुझे चुनाव लड़ना था। पार्टी की तरफ से कर्ता-धर्ता ने आश्वासन दिया था। मैं आश्वस्त था लेकिन टिकट नहीं मिला। मैं चुनाव निकाल भी रहा था। मुझे अवसर मिलना चाहिए था, पर मुझे वंचित किया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कल मुख्यमंत्री मेरे क्षेत्र में आ रहे हैं, वहीं उनके सामने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करूंगा।’’ यादव ने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस का कट्टर सिपाही था। पिछले 15 वर्षों से लगातार पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था। मेरे साथ धोखा हुआ। मुझे कांग्रेस में अपना भविष्य नहीं दिखा।’’ उन्होंने कहा कि मैंने अपनी जनता एवं कार्यकर्ताओं से संपर्क करके कांग्रेस छोड़ने का निर्णय लिया है।

इस दौरान, लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने कहा, ‘‘जो अच्छे एवं संस्कारित लोग होते हैं, उन्हें हम भाजपा में शामिल करते हैं। उनकी ऊर्जा को हम पार्टी को मजबूत करने में लगाएंगे।’’ उन्होंने दावा किया कि यादव दंपति के भाजपा में शामिल होने से हम अवश्य मुंगावली विधानसभा सीट जीतेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत