1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. प्रशासक के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के 20 साल पूरे, बीजेपी नेताओं ने की सराहना

प्रशासक के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के 20 साल पूरे, बीजेपी नेताओं ने की सराहना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 07, 2021 04:19 pm IST,  Updated : Oct 07, 2021 04:19 pm IST

बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और उसके बाद दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधान सेवक के रूप में 20 वर्षों की उनकी जन-सेवा की यात्रा, जहां निराशा के माहौल से देश को निकाल कर विश्वगुरु के पद पर अग्रसर करने की रही है।

PM Narendra Modi completes 20 years in public office, BJP leaders laud him- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवैधानिक पद की जिम्‍मेदारी संभालते हुए बृहस्पतिवार को अपने 20 साल पूरे कर लिए। Image Source : PTI

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवैधानिक पद की जिम्‍मेदारी संभालते हुए बृहस्पतिवार को अपने 20 साल पूरे कर लिए। इस दौरान 13 साल तक वह गुजरात के मुख्‍यमंत्री रहे। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेताओं ने इस उपलब्धि के लिए मोदी की जमकर सराहना की। पिछले तीन दशक से प्रधानमंत्री मोदी के सहयोगी रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज से 20 वर्ष पूर्व नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और वहां से शुरू हुई विकास व सुशासन की यात्रा आज तक अविरल जारी है। उन्होंने कहा, ‘‘इन 20 वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी ने जनता व देश की उन्नति के लिए दिन रात एक कर परिश्रम की पराकाष्ठा को चरितार्थ किया।’’ 

प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2001 से 2014 तक लगातार चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संवैधानिक पद पर रहते हुए सार्वजनिक जीवन में 20 वर्ष पूरे करने के लिए हार्दिक बधाई। यह अखंड 20 वर्ष लोक कल्याण के प्रति समर्पित होने के साथ निष्कलंक भी रहे हैं। उनकी लोकप्रियता निरंतर बढ़ती रही है और आगे भी बढ़ती रहे,ऐसी शुभकामनाएं।’’

बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और उसके बाद दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधान सेवक के रूप में 20 वर्षों की उनकी जन-सेवा की यात्रा, जहां निराशा के माहौल से देश को निकाल कर विश्वगुरु के पद पर अग्रसर करने की रही है, वहीं उन्होंने एक कर्मयोगी के रूप में देश के जन-जन को नया भारत की दृष्टि को साकार करने का आत्मविश्वास दिया है। 

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्प, समर्पण और सेवा के मार्ग को अपने जीवन का मूल मंत्र मानते हुए गरीबों के उत्थान और राष्ट्र की समृद्धि के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिए। एक ओर उन्होंने भारत को दुनिया में वैश्विक शक्ति बनाया है तो दूसरी ओर बीजेपी को भी एक राजनीतिक दल से अलग हटकर ‘सेवा ही संगठन' के रूप में प्रतिष्ठित किया है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत