1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दिल्ली में आज कांग्रेस की इफ्तार पार्टी, विपक्ष के सभी प्रमुख नेताओं को न्यौता

दिल्ली में आज कांग्रेस की इफ्तार पार्टी, विपक्ष के सभी प्रमुख नेताओं को न्यौता

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 13, 2018 08:31 am IST,  Updated : Jun 13, 2018 08:31 am IST

कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि विपक्ष के तकरीबन सभी प्रमुख नेताओं को बुलाया गया है, हालांकि रामविलास पासवान जैसे राजग के उन नेताओं को न्यौता नहीं दिया गया है जो पहले संप्रग सरकार का हिस्सा रह चुके हैं।

Rahul Gandhi hosts first Iftar as Congress chief, top opposition leaders, ex-presidents to attend- India TV Hindi
दिल्ली में आज कांग्रेस की इफ्तार पार्टी, विपक्ष के सभी प्रमुख नेताओं को न्यौता

नई दिल्ली: दिल्ली में आज कांग्रेस की इफ्तार पार्टी है। 2 साल बाद हो रही कांग्रेस की इस इफ्तार पार्टी के बहाने राहुल गांधी बीजेपी विरोधी ताकतों को एकजुट कर 2019 के महागठबंधन की ज़मीन तैयार करना चाहते हैं। इफ्तार पार्टी दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आज शाम है। कांग्रेस के नए अध्यक्ष राहुल गांधी अपने कार्यकाल में हो रही इस पहली इफ्तार पार्टी के बहाने शक्ति प्रदर्शन करना चाहते हैं इसलिए पार्टी में केजरीवाल को छोड़कर हर मोदी विरोधी को न्योता दिया गया है। इस इफ्तार पार्टी में 2019 के जंग में बीजेपी के ख़िलाफ़ बनने वाले महागठबंधन की एक झलक दिखने वाली है।

कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि विपक्ष के तकरीबन सभी प्रमुख नेताओं को बुलाया गया है, हालांकि रामविलास पासवान जैसे राजग के उन नेताओं को न्यौता नहीं दिया गया है जो पहले संप्रग सरकार का हिस्सा रह चुके हैं। पहले इस तरह की अटकलें थीं कि कांग्रेस उन नेताओं को भी न्यौता दे सकती है जो पहले उसके साथी रह चुके हैं। पार्टी के एक नेता ने बताया कि सपा, बसपा, राजद, वाम दल, जदएस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। राजद नेता तेजस्वी यादव कांग्रेस अध्यक्ष की इफ्तार में शामिल नहीं हो सकेंगे क्योंकि कल ही पटना में राजद की तरफ से इफ्तार का आयोजन किया गया है।

जद(एस) नेता कुंवर दानिश अली ने कहा कि वह इस इफ्तार में अपनी पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि राजनीतिक दलों के अलावा कुछ प्रमुख मुस्लिम संगठनों के नेताओं को भी इस इफ्तार के लिए आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस दो साल के अंतराल के बाद इफ्तार का आयोजन करने जा रही है। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष रहने के दौरान सोनिया गांधी ने 2015 में इफ्तार का आयोजन किया था।

कांग्रेस इस इफ्तार पार्टी को अपनी संस्कृति का हिस्सा बता रही है लेकिन बीजेपी का आरोप है कि ये इफ्तार महज वोट के लोभ में किया जा रहा है। दिल्ली में कांग्रेस की इफ्तार पार्टी पर तो सबकी निगाहें हैं ही लेकिन आज ही होने वाली एक और इफ्तार पार्टी भी चर्चा के केंद्र में रहेगी। ये इफ्तार पार्टी मोदी सरकार में मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने दी है। नकवी की इफ्तार पार्टी उनके घर पर होगी और खास बात ये है कि इस अनूठी इफ्तार पार्टी में ट्रिपल तलाक़ की पीड़ित महिलाओं को न्योता दिया गया है।

नकवी की इफ्तार पार्टी को कांग्रेस की इफ्तार पार्टी का जवाब माना जा रहा है। कांग्रेस की इफ्तार पार्टी में पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी भी शामिल होंगे। पहले ये ख़बर आई थी कि प्रणब को न्योता नहीं दिया गया है लेकिन कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि ना सिर्फ न्योता दिया गया है बल्कि प्रणब ने न्योता कबूल भी कर लिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत