1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राजस्थान: एक वोट के अंतर से चुनाव जीतने वाले BJP MLA कल्याण सिंह चौहान का निधन

राजस्थान: एक वोट के अंतर से चुनाव जीतने वाले BJP MLA कल्याण सिंह चौहान का निधन

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 21, 2018 03:05 pm IST,  Updated : Feb 21, 2018 03:05 pm IST

राजस्थान के नाथद्वारा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक कल्याण सिंह चौहान का मंगलवार देर रात उदयपुर के एक अस्पताल में निधन हो गया...

​Rajasthan BJP MLA Kalyan Singh Chouhan- India TV Hindi
​Rajasthan BJP MLA Kalyan Singh Chouhan

जयपुर: राजस्थान के नाथद्वारा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक कल्याण सिंह चौहान का मंगलवार देर रात उदयपुर के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। कैंसर से जूझ रहे चौहान का लंबी बीमारी के बाद GBH अमेरिकन हॉस्पिटल में रात 2 बजे निधन हो गया। वह पिछले तीन-चार दिनों से यहां भर्ती थे और पिछले ढाई वर्ष से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। मुख्यमंत्री वसंधुरा राजे ने सिंह के निधन पर शोक जताया है। उनके आकस्मिक निधन के बाद बुधवार को राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई। 

विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उनके सम्मान में सदन में दो मिनट का मौन रखा गया उसके बाद सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। चौहान नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से BJP के विधायक थे। चौहान ने 2008 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस नेता सीपी जोशी सिर्फ एक वोट के अंतर से हराया था। वहीं, 2013 में उन्होंने कांग्रेस के ही देवकीनंदन गुर्जर को लगभग 16 हजार वोटों के अंतर से मात दी थी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने नाथद्वारा विधायक कल्याण सिंह के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि चौहान एक सजग जनप्रतिनिधि थे। CM ने कहा कि उन्होंने हमेशा गरीबों पिछड़ों सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए आवाज उठाई। उनका निधन हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने नाथद्वारा विधायक कल्याण सिंह चौहान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि चौहान का निधन पार्टी के लिए एक क्षति है। बीजेपी के मीडिया प्रभारी आनंद शर्मा ने कहा कि सिंह को अपने इलाज के लिए अक्सर अस्पताल जाना पड़ता था। पिछले वर्ष अलवर से बीजेपी सांसद महंत चांदनाथ, अजमेर से बीजेपी सांसद सांवरलाल जाट और मांडलगढ़ से विधायक कीर्ति कुमारी का बीमारी के चलते निधन हो गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत