नई दिल्ली: इंडिया टीवी के कॉन्क्लेव ‘संवाद’ में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इशारे में जता दिया कि भारत के दो शहीदों के शवों को साथ हुए अमानवीय कृत्यों का बदला सर्जिकल स्ट्राइक जैसे ऐक्शन से लिया जाएगा। उन्होंने ‘संवाद’ में एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत को उरी में हुए हमलों के बाद बदला लेने में भी 10-15 दिन का वक्त लग गया था।
राजनाथ सिंह ने इंडिया टीवी के एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा से कहा, ‘सर्जिकल स्ट्राइक्स के लिए भी 10-15 दिन लग गए थे। धैर्य रखिए। यह समझना गलत होगा कि कुछ नहीं हो रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं अपनी सरकार की तरफ से आपको यकीन दिलाता हूं कि देशवासियों का सिर शर्म से झुकने नहीं दिया जाएगा। ऐसा नहीं है कि हमें इसका दर्द महसूस नहीं होता और हम इस दर्द को ज्यादा दिन तक रहने नहीं देंगे।’
कश्मीर के वर्तमान हालात पर बात करते हुए सिंह ने कहा, ‘टीवी चैनलों पर कश्मीर में हो रही घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा है। ऐसा नहीं है कि सारे कश्मीर में ही पत्थरबाजी हो रही है, ऐसा सिर्फ कुछ ही स्थानों पर हो रहा है। कश्मीर में भी राष्ट्रवादी लोग हैं। सिर्फ कुछ घटनाओं के आधार पर गलत परसेप्शन नहीं बनाया जा सकता।’ उन्होंने इस बात से इनकार किया कि कश्मीर में इस समय हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या 3-4 साल से नहीं बल्कि लम्बे समय से है।