1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महागठबंधन में शामिल होने पर आरएलएसपी नेता उपेंद्र कुशवाहा ने कही ये बात

महागठबंधन में शामिल होने पर आरएलएसपी नेता उपेंद्र कुशवाहा ने कही ये बात

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 20, 2018 05:55 pm IST,  Updated : Dec 20, 2018 06:02 pm IST

उपेंद्र कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथनी और करनी में फर्क है। वहीं उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जमकर तारीफ की।

Upendra Kushwaha- India TV Hindi
Upendra Kushwaha Image Source : ANI

नयी दिल्ली: केंद्र एवं बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने के बाद राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का हिस्सा बन गयी। उपेंद्र कुशवाहा आज यूपीए में शामिल हो गए। इसे बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन की संज्ञा भी दी जा रही है। उपेंद्र कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथनी और करनी में फर्क है। वहीं उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जमकर तारीफ की। उन्होंने  हाल के विधानसभा चुनाव में तीन राज्यों में जीत कर आई कांग्रेस सरकारों द्वारा कर्ज माफी के मुद्दे पर उठाए गए कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि राहुल गांधी जो कहते हैं वो करते हैं। कुशवाहा ने कहा कि यूपीए गठबंधन में शामिल होने की सबसे बड़ी वजह बिहार की जनता है जिसकी भलाई के लिए उन्होंने महागठबंधन का दामन थामा है।

इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी का संप्रग में स्वागत करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार में पहले से गठबंधन था और आज उसमें उपेंद्र कुशवाहा जी शामिल हुए हैं। हम उनका स्वागत करते हैं।’’ कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा, ‘‘बिहार और देश की चिंता करते हुए कुशवाहा जी ने राजग से नाता तोड़ा और आज हमारे साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने बिहार और पिछड़े एवं अति पिछड़े वर्ग के लोगों के हित में यह फैसला किया है। हम अपने परिवार में तहेदिल से उनका स्वागत करते हैं।’’ 

इस मौके पर पटेल, गोहिल, लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) नेता शरद यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी मौजूद थे। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कुशवाहा को बधाई देते हुए कहा कि सभी दल ‘देश और संविधान बचाने’ के लिए एकजुट हुए हैं। 

रालोसपा प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुशवाहा ने हाल ही में नरेंद्र मोदी सरकार से इस्तीफा दिया था और अपनी पार्टी के राजग से अलग होने की घोषणा की थी। राजग से अलग होने के बाद से ही इसकी संभावना व्यक्त की जा रही थी कि कुशवाहा बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव कांग्रेस, राजद तथा जीतनराम मांझी की पार्टी ‘हम’ के साथ मिलकर लड़ सकते हैं। कुछ दिनों पहले ही कुशवाहा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से मुलाकात की थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत