नई दिल्ली: शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच दिवसीय विदेश यात्रा की जमकर तारीफ की है। साथ ही सामना में लिखा गया है कि हिंदुस्तान की राजनीति काफी हद तक कांग्रेस मुक्त हो गई है। शिवसेना ने पीएम मोदी के अमेरिकी संसद में दिए भाषण को जोरदार और ऐतिहासिक बताया। ‘जोरदार मोदी’ शीर्षक वाले लेख में कहा गया है कि मोदी के भाषण में जोर था।
लेख में कहा गया है कि मोदी अपने भाषण से अमेरिकियों की तालियां बटोर रहे हैं, दिल जीत रहे है और देश को मान-सम्मान दिला रहे हैं। शिवसेना ने मोदी की तारीफ में लिखा कि हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री जोश में है और वो दुनिया को जीतने की मुहिम पर निकले है। उनका अभिनंदन और शुभकामनाएं।
शिवसेना ने मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति बरका ओबामा की दोस्ती पर बोलते हुए कहा कि वो इतने अच्छे दोस्त बन गए हैं कि निवृत्ति के बाद वो अपनी पत्नी के साथ सूरत, राजकोट, पोरबंदर, मनाली, महाबलेश्वर या दिल्ली में बसनेवाले है ऐसा लगने लगा है।
शिवसेना ने आगे लिखा कि मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के समय अमेरिका ने हिन्दुस्तान की सहायता करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने कृतज्ञता जताई। लेकिन इसी अमेरिका ने पाकिस्तान को आर्थिक मदद और हथियारों की आपूर्ति की नीति बंद नही की है। एक तरफ वो आतंकवाद के खिलाफ हिन्दुस्तान को समर्थन देता है और दूसरी तरफ पाकिस्तान को एफ-१६ जैसे लड़ाकू विमानो की आपूर्ति कर व्यापार करता है। अमेरिका ने स्वयं पाकिस्तान में घुसकर ओसामा बिन लादेन और तालिबानी गुट प्रमुख मोलाह अख्तर मंसूर को मार डाला लेकिन हिंदुस्तान के बारे में सिर्फ चेतावनी दी हैं। अमेरिका के इस दोहरापन समझना होगा।
इससे पहले शिवसेना ने गांधी परिवार को समर्थन करते हुए केंद्र सरकार को नसीहत तक दे डाली थी। पार्टी ने कहा था कि वह गांधी परिवार को बदनाम न करें। इतना ही नहीं पार्टी के नेता संजय राउत ने कहा था कि मोदी सरकार निजाम की सरकार से भी बदतर है। पीएम मोदी की विदेश यात्रा पर भी निशाना साधा था।
प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे में देश के भ्रष्टाचार पर की गई टिपण्णी पर तीखे शब्दों में निशाना साधा गया था। संपादकीय में लिखा था कि हाल ही में दोहा में मोदी ने कहा था कि हमारे देश को भ्रष्टाचार ने दीमक की तरह खोखला कर दिया है। पार्टी के अनुसार गैरों के भूमि पर देश के भ्रष्टाचार की मजेदार कहानिंया सुनाकर उपस्थित लोगों की तालियां बटोरना देश की प्रतिमा मलीन करने जैसा है।