1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सूरत में बोले PM मोदी- भारत में 30 साल से ‘‘त्रिशंकु संसद’’ रही, पूर्ण बहुमत ने दिलाया इस बीमारी से छुटकारा

सूरत में बोले PM मोदी- भारत में 30 साल से ‘‘त्रिशंकु संसद’’ रही, पूर्ण बहुमत ने दिलाया इस बीमारी से छुटकारा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 30, 2019 03:53 pm IST,  Updated : Jan 30, 2019 03:53 pm IST

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि उन्होंने अब तक जितने काम किए हैं, यदि उतने काम पिछली सरकार को करने होते तो उसे ‘‘और 25 साल’’ का वक्त लग गया होता।

pm modi- India TV Hindi
pm modi

सूरत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दावा किया कि उनकी सरकार द्वारा की गई नोटबंदी के कारण मकानों की कीमतों में कमी आई और आकांक्षी युवाओं के लिए किफायती दरों पर अपना मकान खरीदना संभव हो सका। मोदी ने यह भी कहा कि उन्होंने अब तक जितने काम किए हैं, यदि उतने काम पिछली सरकार को करने होते तो उसे ‘‘और 25 साल’’ का वक्त लग गया होता। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भी पूर्ण बहुमत की सरकार का तीर छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने के कारण ही देश में बदलाव का दौर चल रहा है। पूर्ण बहुमत की सरकार आने से देश को 'त्रिशंकु' की 30 साल की बीमारी से छुटकारा मिला है।

सूरत हवाई अड्डे के नए टर्मिनल के विस्तार की आधारशिला रखने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘मुझसे पूछा गया कि नोटबंदी के फैसले से क्या फायदा हुआ। यह तो आपको युवाओं से पूछना चाहिए, जो इस फैसले के बाद किफायती दरों पर रिहायशी मकान खरीद सके। रियल एस्टेट क्षेत्र में काला धन रखा जाता था, लेकिन नोटबंदी और ‘रेरा’ (रियल एस्टेट नियामक अधिकरण) जैसे फैसलों से हमने इस पर लगाम लगाई।’’

उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ‘उड़ान’ (उड़े देश का हर नागरिक) योजना की तारीफ करते हुए कहा कि इससे आम लोगों के लिए उड़ान भरना काफी आसान हुआ और इससे देश के उड्डयन क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी।

प्रधानमंत्री ने यह दावा भी किया कि एनडीए शासन के पिछले चार साल के दौरान उनकी सरकार ने 1.30 करोड़ मकान बनाए हैं जबकि पिछली यूपीए सरकार के शासनकाल में महज 25 लाख मकान बनाए गए। उन्होंने कहा कि पिछले 30 साल से देश में ‘‘त्रिशंकु संसद’’ थी, जिसके कारण प्रगति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन चार साल पहले लोगों ने पूर्ण बहुमत देने के लिए वोट किया जिसके बाद देश तेजी से विकास कर रहा है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत