मुंबई: मुंबई में शिव सेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने जहां सर्जिकल स्ट्राइक के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की वहीं राहुल गांधी से लेकर फिल्म स्टार्स तक को आड़े हाथों लिया। मुंबई में दादर के शिवाजी पार्क में दशहरा रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने बीएमसी चुनाव का बिगुल फूंका और बीजेपी को शिव सेना के साथ गठबंधन तोड़कर चुनावी मैदान में उतरने की चुनौती भी दी।
उद्धव ठाकरे गठबंधन को लेकर बीजेपी के प्रदेश नेताओं के हालिया बयानों से इस कदर नाराज थे कि उन्होंने बीजेपी को खुली चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि 'बीएमसी में गठबंधन तोड़कर दिखाओ, हम बताएंगे सर्जिकल स्ट्राइक क्या होती है।'
'आज कुछ लोग बोल रहे हैं कि बीएमसी में अकेले लड़ेंगे मैं उन्हें कहता हुं कि हिम्मत है तो शिवसेना के साथ गठबंधन तोड़ दो, अकेले लड़ो। पीछे से वार मत करो। ये हमारे शिवसेना के सामने बैठे शेर के बच्चे उन्हें करारा जवाब देंगे। हम भी आपको दिखा देंगे कि सर्जिकल स्ट्राइक क्या होती है।'
साथ ही उद्धव ने ये भी कहा कि अब वक्त आ गया है कि पूरे पाकिस्तान को जीतकर उसे हिंदुस्तान में मिला दे़ं।