1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भाजपा और जदयू में सीट बंटवारे के समझौते को लेकर Twitter पर यह बोले लालू

भाजपा और जदयू में सीट बंटवारे के समझौते को लेकर Twitter पर यह बोले लालू

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 28, 2018 08:29 am IST,  Updated : Oct 28, 2018 08:29 am IST

राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड पर करारा तंज कसा है।

'Will fight together, then each other', tweets Lalu Yadav at BJP, JDU | PTI- India TV Hindi
'Will fight together, then each other', tweets Lalu Yadav at BJP, JDU | PTI

पटना: राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड पर करारा तंज कसा है। दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर हुए समझौते पर तंज कसते हुए लालू ने कहा कि ये दोनों दल पहले तो साथ मिल कर लड़ेंगे और फिर एक-दूसरे के खिलाफ लड़ेंगे। एनडीए में सीट बंटवारे के लिए समझौते की घोषणा होने के एक दिन बाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह टिप्पणी की।

लालू ने भाजपा-जदयू गठबंधन के इतिहास पर तंज कसते हुए ट्वीट किया, ‘एगो बा मास्टर इन चीटरी और भुलक्कड़ी आ दूसरा बा मास्टर इन फेकरी और फक्कड़ी! फेर साथ लड़िहें, फेरु आपस में लड़िहें, फेर साथ लड़िहें, फेरु आपस में लड़िहें!’ गौरतलब है कि भाजपा और जदयू का 17 साल पुराना गठबंधन 2013 में टूट गया था लेकिन 4 साल बाद वे फिर से एकजुट हो गए। राजद अध्यक्ष ने ‘पल्टीमार’ और ‘कल्टीमार’ जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया, जो संभवत: क्रमश: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘एगो बा पलटीमार, आ दूसरा बा कल्टीमार!’


महागठबंधन से तीन साल से भी कम समय में जदयू के बाहर होने के बाद राजद ने नीतीश पर पाला बदलने का आरोप लगाया था। लालू के छोटे बेटे एवं तत्कालीन उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद पिछले साल नीतीश नीत जदयू ने राजद से नाता तोड़ लिया और राजग में लौट गया। मोदी पर विपक्ष लंबे चौड़े और झूठे वादे करने का आरोप लगाया करती है। लालू ने कहा कि पहले तो लोग उन दोनों (पार्टियों को) अलग - अलग हराया करते थे। अब उन्हें एक साथ हराया जाएगा।

उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘पहिले पलटू-अलटू के जनता अकेले-अकेले हरावत रहे, अब दूनो के साथ में हराई! जय बिहार।’ इस बीच, तेजस्वी ने मोतिहारी में एक जनसभा में कहा कि लालू सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं। वह राज्यव्यापी संविधान बचाओ न्याय यात्रा के तहत पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय में थे। उन्होंने कहा, ‘यदि वह नीतीश की तरह भाजपा के सामने झुक जाते तो आज वह बिहार के मुख्यमंत्री होते।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत