1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता ने अपनी ही पार्टी के लोगों पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप

कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता ने अपनी ही पार्टी के लोगों पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 19, 2018 08:33 pm IST,  Updated : Apr 19, 2018 08:33 pm IST

कांग्रेस की एक महिला कार्यकर्ता ने आरोप लगाया है कि कठुआ एवं उन्नाव बलात्कार मामले में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुरुष सहयोगियों ने उनके साथ छेड़छाड़ की...

Representational Image | PTI- India TV Hindi
Representational Image | PTI

मुंबई: कांग्रेस की एक महिला कार्यकर्ता ने अपनी पार्टी इकाई से शिकायत की है कि कठुआ एवं उन्नाव बलात्कार मामले में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुरुष सहयोगियों ने उनके साथ छेड़छाड़ की। महिला ने इस संबंध में कांग्रेस की मुंबई इकाई के प्रमुख संजय निरुपम से शिकायत की। निरुपम ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन जुहू में आयोजित किया गया था। निरुपम ने बताया कि महिला ने उन्हें इस कथित घटना के बारे में संदेश भेजा था। महिला जिला स्तर की पार्टी कार्यकर्ता हैं।

अपने संदेश में महिला ने कहा, ‘युवा कांग्रेस और पार्टी की छात्र इकाई NSUI के कार्यकर्ता इस हद तक नीचे गिर गए थे कि उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को गलत तरीके से छुआ और धक्का दिया।’ उन्होंने अपने संदेश में लिखा है, ‘दुखद है कि कुछ पुरुष कार्यकर्ताओं ने मार्च में हमसे आगे निकलने के लिए ऐसा किया ताकि उनका चेहरा मीडिया में दिख सके। मैं जानना चाहती हूं कि क्या भविष्य में इस तरह के कार्यक्रमों में महिला कार्यकर्ता सुरक्षित रहेंगी।’

निरुपम ने कहा, ‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, मैं इसकी निंदा करता हूं। मैंने महिला से कहा है कि वह इसमें शामिल लोगों को अगर पहचान पाती हैं तो वह उनके खिलाफ कार्रवाई करें। वह आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कराने में उनकी मदद करेंगे। लेकिन महिला ने मुझसे कहा कि बहुत भीड़ होने की वजह से ऐसा संभव नहीं है कि वह उन लोगों की पहचान कर पाएं।’ कांग्रेस नेता ने कहा कि वह अब उन मार्चों के लिए निर्देश जारी करेंगे जिसमें महिला कार्यकर्ताएं बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत