1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. असम में कांग्रेस को बड़ा झटका, चुनाव से पहले सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से दिया इस्तीफा, BJP से लड़ सकते हैं इलेक्शन

असम में कांग्रेस को बड़ा झटका, चुनाव से पहले सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से दिया इस्तीफा, BJP से लड़ सकते हैं इलेक्शन

 Published : Mar 17, 2026 11:06 pm IST,  Updated : Mar 17, 2026 11:34 pm IST

असम कांग्रेस में प्रद्युत बोरदोलोई करीब 30 साल तक रहे। वह कई बार सांसद और विधायक रहे। वहीं, अब विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर पार्टी को संकट में ला दिया है।

प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा- India TV Hindi
प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा Image Source : PTI AND X/PRADYUTBORDOLOI

असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। नागांव से मौजूदा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने मंगलवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि वह भाजपा द्वारा दिसपुर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। इसके चलते उन्होंने 30 साल पार्टी में रहने के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।

दो बार सांसद और चार बार रहे विधायक

कांग्रेस से भूपेन बोराह के बाद बोरदोलोई ने पार्टी से इस्तीफा दिया है। राज्य में तरुण गोगोई के नेतृत्व वाली कांग्रेस में दो बार सांसद, चार बार विधायक और कई बार पूर्व मंत्री रह चुके प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस के साथ अपने लगभग 30 साल लंबे जुड़ाव को समाप्त कर दिया है।

गोगोई को भेजा अपना इस्तीफा

असम पार्टी अध्यक्ष गौरव गोगोई को लिखे अपने पत्र में उन्होंने लिखा, 'आज अत्यधिक दुख के साथ, मैं कांग्रेस के सभी पदों, विशेषाधिकारों और प्राथमिक सदस्यता से अपना त्यागपत्र देता हूं।'

सीएम सरमा ने दिया खुला ऑफर

सूत्रों के अनुसार, उनका इस्तीफा मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा उन्हें भाजपा में शामिल होने का खुला निमंत्रण देने के तुरंत बाद आया है। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि अगर वह भाजपा में शामिल होते हैं, तो उन्हें वही सम्मान दिया जाएगा जो असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोराह को दिया गया है।

9 अप्रैल को है असम में वोटिंग

बता दें कि चुनाव आयोग ने असम विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। असम की सभी 126 सीटों पर एक ही चरण में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत