1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Congress Attacks BJP: कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा ने BJP पर बोला हमला, कही ये बात

Congress Attacks BJP: कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा ने BJP पर बोला हमला, कही ये बात

 Edited By: Akash Mishra
 Published : Jul 09, 2022 08:34 pm IST,  Updated : Jul 09, 2022 08:34 pm IST

Congress Attacks BJP: कांग्रेस के संचार प्रमुख पवन खेड़ा ने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी राष्ट्रवाद की आड़ में देश को खोखला करने के लिए घिनौना खेल खेल रही है।

Congress leader Pawan Khera(File Photo)- India TV Hindi
Congress leader Pawan Khera(File Photo) Image Source : PTI

Highlights

  • कांग्रेस नेता ने BJP पर आतंकवादियों से संबंध रखने का लगाया आरोप
  • भाजपा आतंकवाद के मामले में आत्मनिर्भर हो गई है: कांग्रेस नेता
  • कांग्रेस भारत विरोधियों के साथ मिलकर राष्ट्रवाद पर प्रहार करने की रचती है साजिश: BJP प्रवक्ता

Congress Attacks BJP: कांग्रेस के संचार प्रमुख पवन खेड़ा ने शनिवार को BJP पर आतंकवादियों से संबंध रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि BJP राष्ट्रवाद की आड़ में देश को खोखला करने के लिए घिनौना खेल खेल रही है। पार्टी के राज्य कार्यालय 'राजीव भवन' में शनिवार को खेड़ा ने कहा कि हाल के जघन्य अपराधों और आतंकी घटनाओं के आरोपी व्यक्तियों के साथ भाजपा के कथित संबंधों ने पार्टी का पर्दाफाश कर दिया है। खेड़ा ने कहा, "कांग्रेस पार्टी आतंकवाद पर राजनीति के पक्ष में कभी नहीं रही है। लेकिन आज जो हालात हैं और जिस तरह से एक के बाद एक घटनाओं में लगातार आतंकियों तथा अपराधियों के तार भाजपा से जुड़े मिले हैं। ऐसे में सवाल पूछना जरूरी हो जाता है। आप भी सोचिए और समझिए कि भाजपा राष्ट्रवाद की आड़ में देश के साथ कितना घिनौना खेल खेल रही है।" कांग्रेस नेता ने कहा, ''पिछले दिनों उदयपुर में कन्हैयालाल जी की हत्या में शामिल एक आरोपी मोहम्मद रियाज अख्तरी BJP का कार्यकर्ता निकला। इसने बाकायदा BJP के नेताओं की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली थी। वहीं जम्मू-कश्मीर में ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों में से एक तालिब हुसैन शाह BJP का पदाधिकारी निकला। जब यह पकड़ा गया तब वह पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर हमले की योजना बना रहा था।'' 

''हम इन घटनाओं पर राजनीति नहीं करना चाहते हैं, लेकिन लोगों को तथ्यों को जानना चाहिए"

उन्होंने कहा, ''मीडिया में यह बात भी सामने आई है कि अमरावती में केमिस्ट उमेश कोल्हे की हत्या के कथित मास्टरमाइंड इरफान खान का निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा से संबंध है। राणा दंपति का बीजेपी से क्या रिश्ता है ये किसी से छिपा नहीं है। इरफान खान राणा दंपति के लिए प्रचार करता था और वोट मांगता था।'' खेड़ा ने कहा, ''हम इन घटनाओं पर राजनीति नहीं करना चाहते हैं, लेकिन लोगों को तथ्यों को जानना चाहिए। हैरानी की बात यह है कि नुपुर शर्मा और रियाज अख्तरी दोनों ही BJP से ताल्लुक रखते हैं। भारत कब 'आत्मनिर्भर' बनेगा, यह हम नहीं जानते हैं। लेकिन भाजपा आतंकवाद के मामले में आत्मनिर्भर हो गई है।''  खेड़ा ने इस दौरान BJP पर बेरोजगारी, महंगाई, अर्थव्यवस्था की नाकामी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि BJP समाज में अशांति और नफरत का माहौल बनाना चाहती है। तथा फिर एक विशेष धर्म का 'ठेकेदार' बनकर वोट मांगती है। 'हिंदू आतंकवाद' शब्द पर पूछे गए एक सवाल पर, खेड़ा ने कहा कि आतंकवाद का कोई रंग या मजहब नहीं होता है।  उन्होंने कहा, ''मैं इस शब्द के खिलाफ हूं। आरके सिंह जो गृह सचिव थे (संप्रग शासन के दौरान) वह व्यक्ति थे जिन्होंने सबसे पहले इस शब्द को दिया। वह अब BJP के वरिष्ठ नेता बन गए हैं। आतंकवादी एक आतंकवादी होता है। आतंकवाद का कोई रंग या धर्म नहीं होता। चाहे वह नाथूराम गोडसे हो, या रियाज अख्तरी या तालिब हुसैन शाह, एक आतंकवादी सिर्फ एक आतंकवादी होता है।" 

आतंकवादियों से BJP का रिश्ता जोड़ा जाना घोर आपत्तिजनक है: BJP प्रवक्ता

खेड़ा के आरोपों के बाद BJP के प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि BJP की सरकार ने ही आतंकवाद के खिलाफ पोटा जैसा सख्त कानून बनाया था। कांग्रेस के राज में आतंकवाद को किस प्रकार खुली छूट मिली हुई थी, सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा साजिशन आतंकवादियों से BJP का रिश्ता जोड़ा जाना घोर आपत्तिजनक है। श्रीवास्तव ने कहा कि सारा देश और सारी दुनिया जानती है कि कांग्रेस भारत विरोधियों के साथ मिलकर राष्ट्रवाद पर प्रहार करने की साजिश रचती है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और आतंकियों से रिश्ता क्या है? कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को यह सवाल अपनी कार्यवाहक अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व PM मनमोहन सिंह और दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं से पूछना चाहिए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत