1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Congress President Election: अगला कांग्रेस अध्यक्ष कौन? नामांकन का आज आखिरी दिन

Congress President Election: अगला कांग्रेस अध्यक्ष कौन? नामांकन का आज आखिरी दिन

 Written By: Shailendra Tiwari
 Published : Sep 30, 2022 07:14 am IST,  Updated : Sep 30, 2022 10:13 am IST

Congress President Election: आज नामांकन का आखिरी दिन है। माना जा रहा है कि शशि थरूर (G-23) से इतर इन नेताओं में से भी कोई उम्मीदवार बन सकता है।

Today is the last day of nomination- India TV Hindi
Today is the last day of nomination Image Source : INDIA TV

Highlights

  • खड़गे आज सोनिया गांधी से करेंगे मुलाकात
  • नामांकन का आखिरी दिन आज
  • सियासी सरगर्मियों के बीच सोनिया से मिले पायलट

Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव जल्द होने वाला है। ये चुनाव दिन-ब-दिन रोचक बनता जा रहा है। इस चुनाव के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। इसलिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और केरल से सांसद शशि थरूर आज अपना नामांकन पत्र जमा करने जा रहे हैं। इनके अलावा इस चुनाव के लिए मुकुल वासनिक, मल्लिकार्जुन खड़गे और कुमारी शैलजा भी नामांकन भर सकती हैं। नाम वापसी की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। इस बीच G-23 ग्रुप की ओर से अलग से और प्रत्याशी उतरने की अटकलें भी लगनी शुरू हो गई हैं। वहीं, गुरुवार की रात आनंद शर्मा के घर पर कांग्रेस के जी-23 नेताओं ने अहम बैठक की। जानकारी के मुताबिक, इसमें अध्यक्ष चुनाव को लेकर चर्चा हुई।

अशोक गहलोत नहीं लड़ेगे चुनाव

राजस्थान में सियासी खींचतान के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अध्यक्ष पद की दौड़ से खुद को बाहर कर लिया है। गहलोत ने सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद चुनाव लड़ने से साफ इनकार कर दिया है। गहलोत के सीएम पद पर बने रहने को लेकर भी संशय बन गया है। पार्टी की तरफ से जानकारी दी गई है कि एक या दो दिन में इस पर फैसला हो जाएगा।

सियासी सरगर्मियों के बीच सोनिया से मिले पायलट

राजस्‍थान में जारी सियासी सरगर्मियों के बीच पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सचिन पायलट ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। सोनिया गांधी और सचिन पायलट के बीच यह मुलाकत करीब एक घंटे तक चली। मुलाकात के बाद सचिन पायलट ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को अपनी भावना के बारे में बता दिया है और जयपुर में जो कुछ भी हुआ उस पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात के बाद पायलट ने कहा, ‘मैं आज कांग्रेस अध्यक्ष से मिला। उसने शांतिपूर्वक तरीके से मेरी बात सुनी। राजस्थान में जो भी घटनाक्रम हुआ, उस पर हमने विस्तार से चर्चा की। मैं मानता हूं कि जो हमारी भावनाएं थी, फीडबैक था, वो मैंने सोनिया गांधी जी को बताया है। हम सभी यही चाहते हैं कि मेहनत करके 2023 का विधानसभा चुनाव जीतें। इसके लिए हमें मिलकर काम करना होगा। मुझे पूरा यकीन है कि हम पूरी मेहनत करके राजस्थान में दोबारा सरकार बनाएंगे। राजस्थान में पांच साल कांग्रेस होती है और पांच साल भाजपा होती है। इस बार इस परिपाटी को तोड़ना है। राजस्थान के संदर्भ में जो भी सकारात्मक निर्णय है, वो सोनिया गांधी लेंगी।’

खड़गे आज सोनिया गांधी से करेंगे मुलाकात

गहलोत के चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद दिग्विजय इस दौड़ में शामिल हो गए हैं। उन्होंने साफ किया है कि वे आज यानी शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। हालांकि, ये साफ नहीं हो सका कि दिग्विजय को पार्टी आलाकमान का समर्थन है या नहीं। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि उन्होंने स्वयं चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी हाइकमान दलित उम्मीदवार के नाम पर विचार कर रहा है, जिसमें मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सबसे आगे है। इसके अलावा, मीरा कुमार, मुकुल वासनिक और कुमारी शैलजा के नाम पर भी विचार किए जा सकते हैं। खड़गे आज सुबह सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। सभी की निगाहें इस मुलाकात पर टिकी हैं।

शशि थरूर के अलावा G-23 से ये नाम भी!

देर रात G-23 के कुछ नेताओं ने आनंद शर्मा के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। खबरों के मुताबिक, इनमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मनीष तिवारी, पृथ्वीराज चव्हाण शामिल रहे। इस बैठक के बाद इसके बाद आनंद शर्मा अशोक गहलोत से मिलने दिल्ली के जोधपुर हाउस पहुंचे। माना जा रहा है कि शशि थरूर (G-23) से इतर इन नेताओं में से भी कोई उम्मीदवार बन सकता है। इन G-23 के नेताओं के बीच अभी वेट एंड वॉच की स्थिति बनी हुई है।

शशि थरूर-दिग्विजय कर सकते हैं नामांकन!

इधर, शशि थरूर (G-23) शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र जमा करेंगे। उन्होंने गुरुवार को दिग्विजय सिंह के साथ बैठक की और दोनों नेताओं ने कहा कि उनका मुकाबला प्रतिद्वंद्वियों का नहीं, बल्कि दोस्तों के बीच होगा और अंत में कांग्रेस की जीत होगी। गुरुवार को ही दिग्विजय सिंह ने नामांकन पत्र के कुल 10 सेट लिए है। उन्होंने कहा कि वे आज यानी शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। झारखंड में पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने भी पार्टी के शीर्ष पद के लिए नामांकन पत्र का एक सेट लिया है। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होगा और 19 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत