1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है...करते रहेंगे संविधान की रक्षा', जानिए ऐसा क्यों बोले राहुल गांधी?

'मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है...करते रहेंगे संविधान की रक्षा', जानिए ऐसा क्यों बोले राहुल गांधी?

 Published : Aug 29, 2025 02:35 pm IST,  Updated : Aug 29, 2025 02:46 pm IST

बिहार में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव वोट अधिकार रैली निकाल रहे हैं। इस दौरान दरभंगा के एक मंच में पीएम मोदी को लेकर अश्लील भाषा का उपयोग किया गया है। इस पर अब राजनीति गर्मा गई है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी- India TV Hindi
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी Image Source : X/IYC

बिहार की राजनीति अब एक नए मोड़ में पहुंच गई है। ये नया मोड़ गाली-गलौज और अश्लील भाषा का है। दरभंगा में राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान एक मंच से पीएम मोदी और उनकी स्वर्गीय मां के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र भाषा का उपयोग किया गया। इसके विरोध में बीजेपी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। पटना के कांग्रेस कार्यालय में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई है। इस मामले में आज राहुल गांधी का बयान सामने आया है।

असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते- राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, सत्य और अहिंसा के आगे... असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते हैं। मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है। हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे। सत्यमेव जयते।'

कांग्रेस कार्यकर्ता का आज फूटा सिर

प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और पत्थरबाजी के साथ मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं, जिसमें एक कांग्रेस कार्यकर्ता का सिर फट गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की है। गाड़ियों के शीशे तोड़े और लाठियां चलाईं। वहीं, बीजेपी ने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले पथराव शुरू किया।

राहुल गांधी के खिलाफ भी दर्ज हुई FIR

दरभंगा मामले में बिहार पुलिस ने आरोपी मोहम्मद रिजवी को गिरफ्तार कर लिया है। पटना के गांधी मैदान थाने में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है। बीजेपी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। 

बीजेपी नेताओं ने साधा निशाना

बीजेपी ने इसे लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला और 'भारतीय संस्कृति का अपमान बताया है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उनकी हताशा और स्तरहीनता को दर्शाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत