1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. लोकसभा में विपक्ष के किस काम पर भड़क उठे राजनाथ सिंह? ट्वीट कर के जमकर लगाई क्लास

लोकसभा में विपक्ष के किस काम पर भड़क उठे राजनाथ सिंह? ट्वीट कर के जमकर लगाई क्लास

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Aug 18, 2025 05:52 pm IST,  Updated : Aug 18, 2025 06:55 pm IST

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) यात्रा और उसके बाद की वापसी पर विशेष चर्चा के दौरान लोकसभा में विपक्ष के सांसदों ने हंगामा किया। अब इस मामले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर के विपक्ष की जमकर क्लास लगाई है।

rajnath singh opposition shubhanshu shukla lok sabha- India TV Hindi
विपक्ष पर भड़के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह। Image Source : PTI

संसद के शीतकालीन सत्र में विपक्षी दलों का हंगामा लगातार जारी है। विपक्ष बिहार में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) समेत कई मुद्दों पर हंगामा कर रहा है। हालांकि, सोमवार को लोकसभा में विपक्षी दलों के हंगामे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भड़क गए है। दरअसल, सोमवार को लोकसभा में 'अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री-2047 तक विकसित भारत के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका' पर चर्चा होनी थी। हालांकि, इस दौरान विपक्षी सदस्यों का शोर-शराबा जारी रहा। अब राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर के विपक्षी दलों की आलोचना की है।

क्या बोले राजनाथ सिंह?

राजनाथ सिंह ने X पर किए गए ट्वीट में कहा- "आज लोकसभा में भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन और ISRO मिशन के पायलट शुभांशु शुक्ला की अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) यात्रा और उसके बाद की वापसी पर विशेष चर्चा के दौरान जिस तरह से विपक्ष ने सदन में हंगामा किया और सदन को चलने नहीं दिया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह चर्चा “भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम और विकसित भारत 2047 में इसकी भूमिका” विषय पर थी जो राष्ट्रीय उपलब्धि और देश के सम्मान, स्वाभिमान और भविष्य की वैज्ञानिक और राष्ट्रीय सुरक्षा की संभावनाओं से जुड़ी हुई है। इसमें जिस प्रकार से विपक्ष ने बाधा डाली, उनका व्यवहार आज बेहद निराशाजनक रहा है।"

राजनाथ सिंह ने आगे कहा- "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष में विकास की जिन नयी ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है, वह अभूतपूर्व है। विपक्ष चर्चा में भाग लेकर भारत के अंतिरिक्ष कार्यक्रम की रचनात्मक समीक्षा, आलोचना व सुझाव दे सकता था। अंतरिक्ष जैसे विषय जो भारत की वैज्ञानिक और सामरिक दृष्टि से 21 वीं सदी के भविष्य में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, कम से कम उन्हें दलगत राजनीति से ऊपर रखना चाहिए।"

मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी जताया दुख

विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच, विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने चर्चा की शुरूआत करते हुए कहा- "मुझे बहुत दुख महसूस हो रहा है कि जब देश में जश्न का माहौल है, जब देश अंतरिक्ष के क्षेत्र में उपलब्धियों का उत्सव मना रहा है, तब विपक्ष अंतरिक्ष से जुड़े विशेषज्ञों को भी बधाई देने के लिए तैयार नहीं है। आपकी नाराजगी सरकार के साथ हो सकती है। भाजपा और राजग के साथ हो सकती है। लेकिन हैरत है कि आपकी नाराजगी एक अंतरिक्ष यात्री, गगनयान यात्री के प्रति भी है।"

विपक्षी दलों के हंगामे के कारण सोमवार 18 अगस्त को भी लोकसभा की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

ये भी पढ़ें- तिरुचि शिवा होंगे विपक्ष के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार? जानें दावे पर सांसद ने क्या कहा

'राहुल गांधी को बिहार में यात्रा नहीं-हज यात्रा करनी चाहिए', पूर्व कांग्रेसी नेता का बयान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत