1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दिल्ली में लगातार तीसरी बार कांग्रेस 'शून्य', 67 सीटों पर जमानत जब्त, इन सीटों पर बची लाज

दिल्ली में लगातार तीसरी बार कांग्रेस 'शून्य', 67 सीटों पर जमानत जब्त, इन सीटों पर बची लाज

 Published : Feb 08, 2025 07:26 pm IST,  Updated : Feb 08, 2025 07:32 pm IST

दिल्ली विधानसभा चुनाव नें कांग्रेस ने लगातार तीसरी बार कांग्रेस 'शून्य' सीटें हासिल की हैं। चुनाव में 67 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।

दिल्ली मे कांग्रेस का बुरा प्रदर्शन।- India TV Hindi
दिल्ली मे कांग्रेस का बुरा प्रदर्शन। Image Source : PTI

दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 27 साल बाद दिल्ली में सत्ता हासिल कर ली है। वहीं, आम आदमी पार्टी की 10 साल की सत्ता समाप्त हो गई है। भाजपा ने दिल्ली की 70 में से 48 सीटें जीती तो वहीं, आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमट गई। अगर बात कांग्रेस की करें तो दिल्ली में लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 0 सीटें हासिल हुई हैं। बड़ी बात ये भी है कि दिल्ली की 70 में 67 सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई है। आइए जानते हैं वो कौन की 3 सीटें हैं जहां कांग्रेस की जमानत बची।

कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ा

कांग्रेस इस बार के विधानसभा चुनाव में कुल 70 में से सिर्फ तीन सीटों पर ही अपनी जमानत बचा सकी और लगातार तीसरी बार चुनाव में उसका खाता तक नहीं खुला। हालांकि, कांग्रेस ने वोट हिस्सेदारी में दो प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी की है। उसने करीब 6.4 प्रतिशत वोट हासिल किए, जबकि 2020 के विधानसभा चुनाव में उसे 4.26 प्रतिशत वोट मिले थे। बता दें कि दिवंगत नेता शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस ने लगातार तीन चुनाव 1998 (52 सीटें), 2003 (47 सीटें), और 2008 (43 सीटें) में दिल्ली में जीत हासिल की थी और 15 साल तक सत्ता में रही थी। हालांकि, इसके बाद दिल्ली में कांग्रेस का ग्राफ गिरता चला गया।

इन सीटों पर बची जमानत

  • बादली सीट पर दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव को कुल 41071 वोट मिले। यहां वह तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें 27 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले।
  • कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त दूसरे स्थान पर भी रहे। दत्त ने 27019 वोट हासिल किए। उन्हें करीब 32 प्रतिशत वोट हासिल हुए।
  • नांगलोई जाट सीट पर कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार रोहित चौधरी ने 32028 वोट और करीब 20 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया। वह तीसरे नंबर रहे।

जानकारी के लिए बता दें कि चुनाव में अगर किसी उम्मीदवार को डाले गए कुल वोटों का कम से कम छठा हिस्सा नहीं प्राप्त होता है तो जमानत स्वरूप उसके द्वारा चुनाव आयोग के समक्ष दी गई राशि जब्त हो जाती है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- Delhi Election Results: दिल्ली की इन सीटों पर कांग्रेस ने बिगाड़ा AAP का खेल, देखें लिस्ट

Delhi Election: AAP की हार पर भड़के राम गोपाल यादव, बोले- 'कांग्रेस ने BJP को जिताया'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत