1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राघव चड्ढा को हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत, नहीं खाली करना पड़ेगा सरकारी बंगला

राघव चड्ढा को हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत, नहीं खाली करना पड़ेगा सरकारी बंगला

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Oct 17, 2023 09:05 pm IST,  Updated : Oct 17, 2023 11:43 pm IST

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने कोर्ट के फैसले को सत्य और न्याय की जीत बताया है। उन्होंने लिखा- "ये मकान या दुकान की नहीं, संविधान को बचाने की लड़ाई है।"

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा।- India TV Hindi
आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा। Image Source : PTI

दिल्ली हाई कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा को बड़ी राहत दी है। सरकारी बंगले के लिए जारी विवाद के बीच हाई कोर्ट ने पटियाला हाउस कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें राज्यसभा सचिवालय द्वारा सांसद राघव चड्ढा से उनका मौजूदा टाइप-7 सरकारी बंगला खाली कराए जाने पर लगी रोक हटा दी गई थी। इस आदेश के बाद सांसद राघव चड्ढा का रिएक्शन भी सामने आ गया है। उन्होंने कोर्ट के फैसले को सत्य और न्याय की जीत बताया है। 

क्या है पूरा मामला?

सांसद राघव चड्ढा को पिछले साल टाइप-6 बंगला मिला था। सांसद के अनुरोध पर उन्हें बाद में टाइप-7 आवास आवंटित कर दिया गया। हालांकि, इस साल मार्च महीने में राज्यसभा सचिवालय द्वारा इस आवंटन को रद्द कर दिया गया था। इसके खिलाफ राघव चड्ढा कोर्ट गए थे। ट्रायल कोर्ट ने राघव से घर खाली कराए जाने की कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी थी। हालांकि, पटियाला हाउस कोर्ट ने 5 अक्टूबर को इस रोक को हटा लिया। इस फैसले के खिलाफ राघव ने हाई कोर्ट का रुख किया था। 

कोर्ट ने क्या कहा?
न्यायमूर्ति अनुप जयराम भंभानी की पीठ ने पिछले सप्ताह इस मामले में सभी पक्षों की लंबी सुनवाई के बाद अपने आदेश को सुरक्षित रख लिया था। चड्ढा के वकील ने कहा था कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि वह मुखर विपक्षी सांसद हैं। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि यह रोक तब तक लागू रहेगी जब तक कि ट्रायल कोर्ट अंतरिम राहत के लिए चड्ढा के आवेदन पर फैसला नहीं कर लेता। 

क्या बोले राघव?
आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने कोर्ट के फैसले को सत्य और न्याय की जीत बताया है। उन्होंने लिखा- "ये मकान या दुकान की नहीं, संविधान को बचाने की लड़ाई है। अंतत: सत्य और न्याय की जीत हुई।" राघव ने उन्हें उनके आधिकारिक आवास से बेदखल करने के आदेश को रद्द करने वाले दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। 

ये भी पढ़ें- यूपी: कानपुर में अखिलेश के काफिले में जबरदस्ती घुसने की कोशिश कर रहा था सपा कोषाध्यक्ष का बेटा, सुरक्षाकर्मियों ने कर दी पिटाई, देखें VIDEO

ये भी पढ़ें- BJP से गठबंधन करते ही JDS में बवाल, कुमारस्वामी ने ‘बागी’ इब्राहिम पर साधा निशाना
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत