कर्नाटक में अब मुख्यमंत्री का चेहरा बदल गया है। राज्य के नए कप्तान के रूप में डीके शिवकुमार ने कमान संभाल ली है। बेंगलुरु स्थित लोक भवन का ग्लास हाउस इस पल का गवाह बना, जहां डीके शिवकुमार ने सीएम पद की शपथ ली। उनके साथ वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर सहित 13 अन्य विधायकों ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
AICC अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी और निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की मौजूदगी में डीके शिवकुमार ने अपने गुरु "गंगाधर अज्जा" के नाम पर और हाथ में संविधान की प्रति लेकर शपथ ली। लोक भवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सभी को शपथ दिलाई। उपमुख्यमंत्री बने जी. परमेश्वर ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर के नाम पर शपथ ली।
पूर्व दिशा की ओर मुंह करके क्यों ली शपथ?
इस समारोह से एक दिलचस्प बात सामने आई। लोक भवन के ग्लास हाउस में जो मंच बना था, उसका रुख हमेशा पश्चिम दिशा की तरफ रहता है। लेकिन डीके शिवकुमार पूर्व दिशा की ओर मुंह करके शपथ लेना चाहते थे, इसलिए उनके लिए खास तौर पर पूर्वी हिस्से में एक नया मंच तैयार किया गया। दरअसल, डीके शिवकुमार ज्योतिष और ग्रहों पर बहुत भरोसा करते हैं। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपने ज्योतिषी के कहने पर ही ऐसा किया, ताकि उनका कार्यकाल शुभ और सफल रहे।
क्या पहली बार ऐसा हुआ है?
इससे पहले जितने भी मुख्यमंत्रियों ने यहां शपथ ली, उन सब का मुंह पश्चिम की तरफ ही था। यह पहली बार है जब किसी मुख्यमंत्री ने पूर्व की तरफ मुंह करके शपथ ली है। वहीं, डीके शिवकुमार ने हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन और बौद्ध समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले 55 धार्मिक गुरुओं को बुलाया था। उनके बैठने के लिए पुरानी स्टेज (पश्चिम दिशा) पर सोफे सहित विशेष बैठने की व्यवस्था थी।
खुली जीप में निकले डीके शिवकुमार
शपथ लेने के बाद डीके शिवकुमार लोक भवन से राज्य सचिवालय के लिए एक खुली जीप में रवाना हुए, ताकि बाहर खड़े उनके समर्थक उन्हें आसानी से देख सकें। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्होंने खुद कांग्रेस के बड़े नेताओं और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को न्योता भेजा था।
इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ
डीके शिवकुमार और जी. परमेश्वर के अलावा के.एच. मुनियप्पा, के.जे. जॉर्ज, एम.बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरे गौड़ा, प्रियांक खड़गे, यू.टी. खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्धारमैया, ब्यराथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
ये भी पढ़ें-
शपथ ग्रहण से पहले भावुक पल, CM पद की शपथ लेने से ठीक पहले मां का आशीर्वाद लेते दिखे डीके शिवकुमार
कर्नाटक का बदला नेतृत्व, अब DK शिवकुमार बने नए मुख्यमंत्री, पद की शपथ ली