1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. चुनाव के बाद 5 प्रदेशों से हटाई गई आचार संहिता, सिर्फ 1 सीट पर जारी रहेगी, जानें कारण

चुनाव के बाद 5 प्रदेशों से हटाई गई आचार संहिता, सिर्फ 1 सीट पर जारी रहेगी, जानें कारण

 Reported By: Shoaib Raza Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 07, 2026 02:07 pm IST,  Updated : May 07, 2026 02:24 pm IST

चुनाव आयोग ने गुरुवार को 5 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आचार संहिता हटा ली है। बता दें कि इन प्रदेशों में विधानसभा चुनाव संपन्न हो गए हैं और परिणाम सामने आ चुके हैं।

Election Commission Model Code Of Conduct- India TV Hindi
5 प्रदेशों से हटाई गई आचार संहिता। Image Source : PTI

भारत निर्वाचन आयोग ने आज 7 मई को असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद आदर्श आचार संहिता हटा दी है। ECI के अवर सचिव प्रफुल्ल अवस्थी की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि 4 मई को मतगणना के बाद इन चारों राज्यों और पुडुचेरी के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इसके साथ ही गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा में हुए उपचुनावों के परिणाम भी आ गए हैं। इसलिए इन सभी राज्यों में आचार संहिता तुरंत प्रभाव से खत्म कर दी गई है।

इस एक सीट पर अपवाद 

चुनाव आयोग ने साफ किया है कि पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट (निर्वाचन क्षेत्र क्रमां- 144) पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। चुनाव के दौरान गड़बड़ी के कारण आयोग ने यहां फ्रेश पोल का आदेश दिया है। इसलिए सिर्फ फलता सीट पर आचार संहिता अभी लागू रहेगी। आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को फलता में वोटिंग हुई थी। हालांकि, चुनाव आयोग ने गंभीर चुनावी अपराधों का हवाला देते हुए फलता में चुनाव को रद्द कर दिया और 21 मई को फिर से मतदान करने का आदेश दिया है। फलता में चुनाव का परिणाम 24 मई को जारी किया जाएगा।

आचार संहिता हटने से क्या बदलाव होगा?

आपको बता दें कि चुनाव आयोग की ओर से आचार संहिता हटा लेने के बाद अब असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की सरकारें नई योजनाओं का ऐलान, तबादले, भर्तियां और नीतिगत फैसले ले सकेंगी। निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव की घोषणा करने के बाद से इन सभी कामों पर रोक लगी थी।

कहां कौन जीता?

आपको बता दें कि 5 प्रदेशों में हुए चुनाव में पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई है। वहीं, पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन की सरकार को फिर से सत्ता मिली है। तमिलनाडु में चुनाव परिणाम त्रिशंकु रहा है और यहां एक्टर थलापति विजय की पार्टी टीवीके को सबसे ज्यादा 108 सीटें मिली हैं। इसके अलावा केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन ने सरकार बनाई है।

ये भी पढ़ें- बंगाल में राज्यपाल से मिले मुख्य निर्वाचन अधिकारी, नए विधायकों की लिस्ट सौंपी, कहा- 'चुनाव में हमारी भूमिका समाप्त'

चुनाव आयोग ने बंगाल में नई विधानसभा के गठन के लिए नोटिफिकेशन जारी किया, इधर ममता ने इस्तीफा देने से किया इनकार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत