1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Harsh Mahajan Appointed working president Himachal Congress: हर्ष महाजन हिमाचल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बने, विधानसभा चुनाव में जीत का किया दावा

Harsh Mahajan Appointed working president Himachal Congress: हर्ष महाजन हिमाचल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बने, विधानसभा चुनाव में जीत का किया दावा

 Published : May 01, 2022 02:52 pm IST,  Updated : May 01, 2022 02:52 pm IST

पूर्व मंत्री हर्ष महाजन को हिमाचल कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। हिमाचल में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान ने महाजन को वर्किंग प्रेसीडेंट बनाया है।

Harsh Mahajan- India TV Hindi
Harsh Mahajan Image Source : FILE PHOTO

Harsh Mahajan Appointed working president Himachal Congress: पूर्व मंत्री हर्ष महाजन को हिमाचल कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

हिमाचल में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान ने महाजन को वर्किंग प्रेसीडेंट बनाया है। प्रदेश में अध्यक्ष के साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष तैनात किए हैं। हर्ष महाजन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वीरभद्र सिंह के करीबी माने जाने हैं। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की नई टीम बनने से पार्टी में जोश और क्रांति का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुट होकर विधानसभा चुनाव में उतरेगी और जीत दर्ज करेगी।

हिमाचल में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस एकजुट: हर्ष महाजन

हिमाचल कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद हर्ष महाजन ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है। कांग्रेस विधानसभा चुनाव एकजुटता के साथ लड़ते हुए राज्य में अपनी सरकार बनाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द एक मंच पर एकजुट नजर आएंगे। 

'उपचुनाव की तरह चुनाव में भी बीजेपी को हराएंगे'

कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के कांग्रेस आलाकमान के फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि हिमाचल में एक्सपेरिमेंट पूरी तरह से कामयाब रहेगा। इससे कार्यकर्ता और नेताओं को मान सम्मान मिलता है और वे जी जान से पार्टी के लिए काम करते हैं। महाजन ने कहा कि कांग्रेस का सीधा टारगेट भाजपा है और जिस तरह से उपचुनावों में कांग्रेस ने भाजपा को हराया, उसी तरह विधानसभा चुनावों में भी हराएगी। हर्ष महाजन ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुट है और भाजपा का एकजुटता के साथ मुकाबला किया जाएगा। वहीं आम आदमी पार्टी के बारे में उन्होंने कहा कि हिमाचल में अभी तक इस पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं है।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव 2017 में हुए थे। पांच वर्ष बीत जाने के बाद हिमाचल अब फिर चुनाव की चौखट पर आ खड़ा है। इस साल राज्य में विधानसभा चुनाव होना है। 

कौन हैं हर्ष महाजन, कैसा रहा है राजनीतिक सफर

हर्ष महाजन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। वे 1972 से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं। हिमाचल प्रदेश के पूर्व पशुपालन मंत्री रह चुके हर्ष को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता देश राज महाजन विधानसभा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।  

नई दिल्ली के श्रीराम कॉलेज से की पढ़ाई

12 दिसंबर 1955 को चंबा में जन्मे हर्ष ने बी.कॉम और एमबीए की पढ़ाई की है। उन्होंने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, नई दिल्ली और दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययन किया। 1986 से 1995 तक वे राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे। वे पहले नवंबर 1993 में और फिर 1998 व 2003 में राज्य विधान सभा के लिए चुने गए। वे 1994 से 1998 तक संसदीय सचिव रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत