1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक के मंत्री ने इस्लाम को बताया सभी धर्मों से श्रेष्ठ, जब बयान वायरल होने लगा तो तुरंत दे दी सफाई

कर्नाटक के मंत्री ने इस्लाम को बताया सभी धर्मों से श्रेष्ठ, जब बयान वायरल होने लगा तो तुरंत दे दी सफाई

 Reported By: T Raghavan Written By: Subhash Kumar
 Published : Aug 31, 2026 08:18 am IST,  Updated : Aug 31, 2026 08:38 am IST

कर्नाटक सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायारेड्डी ने इस्लाम को सभी धर्मों से श्रेष्ठ बताया है जिसपर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मंत्री ने ये भी कहा है कि वह हज यात्रा पर जाना चाहते हैं।

Karnataka Minister Basavaraj Rayareddy islam- India TV Hindi
मंत्री बसवराज रायारेड्डी के बयान पर विवाद। Image Source : ANI

कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायारेड्डी ने इस्लाम को सभी धर्मों से श्रेष्ठ बताकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को मठों और धार्मिक संस्थानों में नहीं जाना चाहिए और वे खुद भी वहां बहुत कम जाते हैं। बसवराज ने यह भी कहा कि वे हज यात्रा पर जाना चाहते हैं। उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायारेड्डी के इस बयान की BJP और हिन्दू संगठनों ने कड़ी निंदा की है, नेता प्रतिपक्ष R अशोक ने X पर लिखे एक पोस्ट में मंत्री से इस बयान के लिए बाकी धर्मों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग करते हुए ऐसा न करने पर CM DK शिवकुमार से उनका इस्तीफा लेने की बात कही है।

क्या है पूरा विवाद?

कर्नाटक के कोप्पल जिले के कुकानूर में पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों के लिए आयोजित एक मुफ्त सामूहिक विवाह समारोह में मंत्री ने कहा कि इस्लाम एक महान धर्म है। उन्होंने कहा कि" इस्लाम के बारे में कई गलतफहमियां फैलाई जा रही हैं। मैं कुरान का अध्ययन करने के लिए तैयार हूं। हमें धर्मों का अध्ययन करना चाहिए और उनके पीछे के इतिहास को समझना चाहिए। मेरी हज यात्रा पर जाने की इच्छा है, लेकिन मुझे अभी तक मौका नहीं मिला है। वहां जाने के लिए इस्लाम अपनाना जरूरी है।"

इस्लाम वैज्ञानिक धर्म है- मंत्री बसवराज

अपने भाषण में मंत्री बसवराज रायारेड्डी ने कहा- "कुरान सिर्फ मुसलमानों के लिए नहीं है। कोई भी कुरान पढ़ सकता है। पैगंबर मुहम्मद ने पूरी दुनिया को कुरान दिया। यह धर्म वैज्ञानिक है। यह सिखाता है कि इंसानों को कैसे जीना चाहिए। किसी को भी धार्मिक कट्टरपंथी या जातिवादी नहीं बनना चाहिए।  हमें यह समझना चाहिए कि सभी धर्मों में अच्छे सिद्धांत होते हैं। इस्लाम एक ऐसा धर्म है जो इंसानियत को बढ़ावा देता है। सिर्फ मस्जिद जाकर 'अल्लाहु अकबर' कहना काफी नहीं है। यही बात सभी धर्मों पर लागू होती है। मंदिरों में भी ऐसी ही परंपराएं निभाई जाती हैं।"

इस्लाम सभी धर्मों से महान- मंत्री बसवराज

उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायारेड्डी ने कहा- "इस्लाम को लेकर बहुत से लोगों में गलतफहमियां हैं। मेरा मानना ​​है कि इस्लाम सभी धर्मों से महान है। यह एक वैज्ञानिक धर्म है। मैं इसका गहराई से अध्ययन कर रहा हूं। मैं आमतौर पर मंदिरों या मठों में नहीं जाता। हालांकि, हर चीज का अध्ययन किया जाना चाहिए। मैं मक्का जाने के बारे में बहुत सोच रहा हूं। हालांकि, मैं जा नहीं सकता- ऐसा करने के लिए इस्लाम अपनाना होगा। मैंने बौद्ध धर्म समेत सभी धर्मों के बारे में पढ़ा है। मैं इजरायल और दूसरी जगहों पर भी गया हूं। मैं दूसरी जगहों पर मजा करने के लिए नहीं, बल्कि अध्ययन करने के लिए जाता हूं।" बसवराज रायारेड्डी का बयान वायरल होने के बाद भाजपा और हिन्दू संगठनों ने इसकी निंदा की है। भाजपा ने कहा है कि मंत्री को माफी मांगनी चाहिए, या तो सीएम डीके शिवकुमार को उनसे इस्तीफी लेना चाहिए। बता दें कि इससे पहले कर्नाटक सरकार के मंत्री बी. नागेंद्र ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया था। उनपर घोटाले के आरोप लगे थे।

अब मंत्री ने दी सफाई

इस्लाम धर्म को लेकर दिए गए विवादित बयान के तुरंत बाद उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायारेड्डी की सफाई भी आ गई। उन्होंने अपने बयान को सही ठहराते हुए कहा कि गलत बयानी तब है जब वो किसी अन्य धर्म को कमतर बताएं, सभी धर्म महान है और मीडिया को ऐसे बयानों की समीक्षा करने से पहले सन्दर्भ को जरूर समझना चाहिए। बसवराज राया रेड्डी ने कहा- "यह कहने में क्या गलत है कि इस्लाम एक महान धर्म है? मैंने कहा कि इस्लाम में कुछ महान मूल्य और विचार हैं। मैंने यह नहीं कहा कि कोई दूसरा धर्म कमतर है। मैंने बस इतना कहा कि इस्लाम में कुछ सराहनीय गुण हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि मैंने दूसरे धर्मों को बुरा कहा। सभी धर्म महान हैं। अगर मैंने ऐसा कहा, तो इसमें क्या गलत है? इस तरह की चर्चा मीडिया के लिए अच्छी नहीं है। हम संदर्भ के आधार पर धर्मों के बारे में बात करते हैं। हर धर्म महान है। ऐसा कहने में क्या गलत है? कोई भी धर्म बुरा नहीं है।"

ये भी पढ़ें- KPSC भर्ती परीक्षा में अनियमितता के आरोप, IAS अधिकारी गंगवार CID की हिरासत में

89 करोड़ रुपये का वाल्मीकि घोटाला क्या है? कर्नाटक के मंत्री बी नागेंद्र का इससे क्या संबंध है

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत