1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- उस पार्टी के अंदर सत्ता के लिए हो रही खींचतान

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- उस पार्टी के अंदर सत्ता के लिए हो रही खींचतान

 Published : May 07, 2024 02:55 pm IST,  Updated : May 07, 2024 02:58 pm IST

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा फिर बूथ लूटने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अंदर सत्ता के लिए खींचतान हो रही है।

Akhilesh Yadav- India TV Hindi
अखिलेश यादव Image Source : FILE

इटावा: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को दावा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अंदर सत्ता को लेकर खींचतान जारी है, यही वजह है कि उसके नेता ‘आत्म तुष्टीकरण’ के लिये बयान दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा के लोगों पर मैनपुरी में बूथ लूटने की साजिश रचने का आरोप भी लगाया। 

यादव ने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इटावा के सैफई में वोट डालने के बाद कहा, 'भाजपा के अंदर खींचतान हो रही कि सत्ता किसके हाथ में हो। उसके नेता आत्म तुष्टीकरण के लिए बयान दे रहे हैं। ये लोग चतुराई से बातें करते हैं।' हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। 

बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

सपा अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाया, 'भाजपा के लोगों ने पिछले चुनाव में भी बूथ लूटा था तब भी बुरी तरह हारे थे। ये फिर बूथ लूटने की साजिश रच रहे हैं। आप लोग चार-पांच बजे मैनपुरी चले जाना। ये फिर बूथ लूटने जा रहे हैं।'

यादव ने भीषण गर्मी में चुनाव कराये जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा, 'कई चुनावों में हम लोगों ने गर्मियों में वोट डाले हैं। भाजपा वालों को इस बात की भी सजा मिलनी चाहिए। हालांकि वह कहेंगे कि यह निर्वाचन आयोग का फैसला है लेकिन भाजपा वाले जानबूझकर गर्मी में वोट डलवाते हैं, आपको तकलीफ पहुंचाने के लिए।'

उन्होंने कहा, 'यही मतदान तो एक महीने पहले भी हो सकता था। मैं अपने सभी साथियों और मतदाताओं से अपील करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा मतदान करें। यही वोट है जो हमारे आपके जीवन को बदल सकता है। यही वोट संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करेगा।'

इसी दौरान कुछ लोगों ने अधिकारियों पर अपशब्द बोलने का आरोप लगाया, जिस पर यादव ने कहा, 'लोकतंत्र में अपशब्द के लिए कोई जगह नहीं है हम लोग वोट डालने वाले लोग हैं और जीतने वाला कभी गुस्से में नहीं आता है, हारने वाला खिसियाता है। भाजपा की बुरी हार होने जा रही है क्योंकि किसान, नौजवान, व्यापारी और हर वर्ग के लोग उसके खिलाफ मतदान कर रहे हैं।'

राम गोपाल यादव ने कही ये बात

उधर, सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव ने सैफई में मतदान करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि भाजपा के कई महत्वपूर्ण नेता लोकसभा चुनाव जीतने के बाद संविधान बदलने की बात कह रहे हैं। उन्होंने दावा कि भाजपा ने दूसरा संविधान तैयार भी कर लिया है। उन्होंने कहा, 'जब पूर्ण ताकत मिल जाती है तो आदमी तानाशाही की तरफ बढ़ने लगता है। हिटलर भी जनता के द्वारा चुनकर ही आया था और संविधान में संशोधन करके तानाशाह बन गया था। ठीक उसी रास्ते पर भाजपा के लोग चल रहे हैं।'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान कि मौजूदा लोकसभा चुनाव राम भक्तों और रामद्रोहियों के बीच का चुनाव है, इस पर यादव ने कहा, 'जब सत्ता का नशा चढ़ जाता है तो आदमी आंय, बांय, शांय बकने लगता है। वही हमारे मुख्यमंत्री कर रहे हैं।' उन्होंने दावा किया कि मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव लगभग पांच लाख मतों के अंतर से चुनाव जीतेंगी। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत