1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. वरुण गांधी, वीके सिंह से लेकर अश्विनी चौबे तक का कटा टिकट, बीजेपी की लिस्ट में कई बड़े सरप्राइज

वरुण गांधी, वीके सिंह से लेकर अश्विनी चौबे तक का कटा टिकट, बीजेपी की लिस्ट में कई बड़े सरप्राइज

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Mar 24, 2024 10:14 pm IST,  Updated : Mar 24, 2024 10:14 pm IST

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए BJP ने अपने कैंडिडेट्स की 5वीं लिस्ट आज जारी कर दी है। बीजेपी ने इस लिस्ट में 111 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इस लिस्ट में कई बड़े नेताओं के नाम कट गए हैं।

bjp 5th candidate list- India TV Hindi
BJP ने 5वीं लिस्ट में इन बड़े नेताओं का काटा टिकट Image Source : FILE PHOTO

लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने आज अपने कैंडिडेट्स की पांचवी लिस्ट भी जारी कर दी है। बीजेपी की इस लिस्ट कई बड़े नाम कट गए हैं, जो अपने आप में बड़ा सरप्राइज है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को पांचवीं सूची 111 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इस लिस्ट के मुताबिक, बीजेपी ने इस बार पूर्व केंद्रीय मंत्री वी के सिंह की जगह गाजियाबाद से स्थानीय विधायक अतुल गर्ग को टिकट दिया है। वहीं बिहार के बक्सर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का टिकट काटकर उनकी जगह मिथिलेश तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है। 

बीजेपी की लिस्ट में कई सरप्राइज

इतना ही नहीं यूपी के पीलीभीत से वर्तमान सांसद वरुण गांधी का टिकट काटकर उनकी जगह योगी सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि वरुण का टिकट कटा है लेकिन बीजेपी उनकी मां मेनका गांधी को सुल्तानपुर से फिर से चुनाव लड़ा रही है। वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा के संबलपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। बीजेपी की इस लिस्ट में फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत का भी नाम है। उन्हें हिमाचल प्रदेश के मंडी से टिकट दिया गया है। कुछ देर पहले ही भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व सांसद नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं झारखंड के दुमका से भाजपा ने सीता सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। सीता सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी हैं और पिछले दिनों उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। 

इन मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों को फिर मिला टिकट

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एक बार फिर बेगूसराय से चुनाव लड़ेंगे जबकि बिहार से ताल्लुक रखने वाले अन्य केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय उजियारपुर से, आर के सिंह आरा से, रामकृपाल यादव पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद को एक बार फिर पटनासाहिब से और सुशील कुमार सिंह को औरंगाबाद से टिकट दिया गया है। राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर को नवादा से उम्मीदवार बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह पूर्वी चम्पारण से जबकि संजय जायसवाल एक बार फिर पश्चिमी चम्पारण से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड सीट से भाजपा ने केरल इकाई के पूर्व अध्यक्ष के सुरेंद्रन को उम्मीदवार बनाया है। 

BJP ने अब तक 291 कैंडिडेट किए घोषित

बता दें कि भाजपा अब तक 291 लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल और तेलंगाना समेत अन्य राज्यों के उम्मीदवार शामिल हैं। भोजपुरी गायक पवन सिंह सहित घोषित उम्मीदवारों में से तीन ने विवाद होने के बाद अपने नाम वापस ले लिए हैं। लोकसभा की 543 सीट के लिए 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरण में चुनाव होना है। मतगणना 4 जून को होगी।

ये भी पढ़ें-

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत