Lok Sabha Elections 2024: देश में लोकसभा चुनावों के तहत 6 चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है और देश सातवें एवं अंतिम चरण के मतदान की तरफ बढ़ रहा है। सातवें चरण की वोटिंग 01 जून को होनी है और 04 जून को वोटों की गिनती की जाएगी। इस बीच सियासी पार्टियों ने चुनावों के अंतिम चरण के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को लुभाने के लिए विभिन्न दलों के नेता तूफानी दौरे कर रहे हैं और उनके बयान सुर्खियां बटोर रहे हैं।
लोकसभा चुनावों से जुड़े हर जरूरी अपडेट के लिए इंडिया टीवी के साथ बने रहें:
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के चीन पर दिए बयान और उस पर कांग्रेस के ही नेता जयराम रमेश की सफाई की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि चीन से चंदा लेकर पहले चीन का धंधा बढ़ाने वाली कांग्रेस अब चीन का प्रोपेगेंडा चला रही है।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हमने इनको 40 में से 39 सांसद दिया। गुजरात से ज्यादा सांसद दिया लेकिन सबकुछ गुजरात को मिलेगा और बिहार को ठेंगा मिलेगा। ऐसा नहीं होगा इसलिए इस बार बिहार की जनता इन लोगों को सबक सिखाएगी।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के देवरिया में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "पांचवें चरण में ही प्रधानमंत्री मोदी 310 सीटें पार कर गए हैं। सरकार बनाने का काम पांचवें चरण में ही पूरा हो गया है लेकिन आपका काम पूरा नहीं हुआ। छठा और सातवां चरण, पीएम मोदी के '400 पार' करवाने का चरण है। 4 तारीख को सुबह 7 बजे मतगणना शुरू होगी, 1 बजे तक चित्र स्पष्ट हो जाएगा, 3 बजे राहुल बाबा प्रेस कांफ्रेंस करेंगे कि EVM में खराबी थी इसलिए हम हार गए।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बार-बार कहते थे कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता। कांग्रेस ने लगातार प्रयास किया की SC, ST और OBC का आरक्षण काट कर कुछ लाभ अल्पसंख्यकों को खास तौर पर मुसलमानों को दिया जाए...कांग्रेस की आंध्र प्रदेश सरकार और कर्नाटक सरकार ने OBC के आरक्षण को मुसलमानों को बांटने का काम किया है। संविधान का सर्वाधिक मखौल कांग्रेस और INDI गठबंधन के लोगों ने उड़ाया है। समाजवादी पार्टी ने 2012 के चुनाव में अपने घोषणापत्र में ऐलान किया था कि वे मुसलमानों को भी आरक्षण देंगे। RJD में लालू यादव पहले ही बोल चुके हैं कि बिहार में सभी मुसलमानों को वे आरक्षण का लाभ देंगे। पश्चिम बंगाल में अभी हाई कोर्ट ने एक फैसले को पलटकर सरकार के मुंह पर तमाचा मारा है और कहा है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने पटना में कहा, "वे (योगी आदित्यनाथ) तो अपने प्रदेश के नौजवानों को नौकरी तक नहीं दे पाए। पूरा देश ही राम भक्त है। सीएम योगी ये बताएं कि वे जिस काम के लिए सत्ता में आए थे उन्होंने वो किया या नहीं। तेजस्वी यादव ने तो उत्तर प्रदेश के लोगों को भी बिहार में नौकरी दी है। वे(सीएम योगी) उत्तर प्रदेश में तो रामराज ला नहीं पाए बल्कि उन्होंने बुलडोजर राज कायम कर दिया।"
5T के चेयरमैन और बीजेडी नेता वीके पांडियन ने कहा, "मुझे लगता है कि 9 जून को 'भूमिपुत्र' सत्ता संभालेगा। जो न केवल ओड़िया बोलता है बल्कि ओडिशा के लोगों के दिलों में रहता है, वही मुख्यमंत्री होगा। 9 जून को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच, धरती का बेटा मुख्यमंत्री का पद संभालेगा।"
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने शिमला में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 4 जून को केंद्र में I.N.D.I.A. गठबंधन की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस बार बदलाव के मूड में है।
बुलेट रानी के नाम से मशहूर राजलक्ष्मी मांडा ने 'राष्ट्र के लिए वोट, मोदी के लिए वोट' के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए 21,000 किलोमीटर की दूरी तय की। वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से है।
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने PM मोदी के रोड शो पर कोलकाता में कहा, 'यह अभूतपूर्व था, किसी भी नेता का ऐसा रोड शो हमने पश्चिम बंगाल में कभी नहीं देखा। ममता बनर्जी को शपथ ग्रहण का न्योता मिल जाएगा, मैं उनसे आग्रह करूंगा कि वे जरूर जाएं और आम और मिठाई लेकर जाएं।'
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'उन्हें(राहुल गांधी) मोदी फोबिया हो गया है, उन्हें सोते-जागते, दिन-रात हमेशा PM मोदी दिखाई देते हैं। मोदी नाम ने उन सबको व्याकुल कर दिया है। उनके हाथ से सत्ता चली गई और कभी उनके हाथ में नहीं आने वाली है, इससे दोनों शहजादे परेशान हैं। सपा-कांग्रेस गठबंधन शून्य पर आउट हो रहा है।'
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पश्चिम बंगाल के मथुरापुर में सुबह 11:00 बजे, ओडिशा के मयूरभंज में 01:00 बजे, बालासोर में 02:30 बजे और केंद्रपाड़ा में 04:30 बजे जनसभाएं हैं।
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने वाराणसी में पीएम मोदी की तुलना हिटलर से की। ओवैसी ने कहा कि 2014 के बाद भारत के 17 करोड़ मुस्लिमों का वही हाल हो गया है जो हिटलर के समय यहूदियों का था। उन्होंने PDM को मुसलमानों का रहनुमा बताया।
समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता नारद राय आज बलिया में अमित शाह की रैली के दौरान कर बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं। नारद राय सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के रवैये से नाराज हैं। उन्होंने सोमवार को अमित शाह से मुलाकात के बाद पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था।
संपादक की पसंद