लोकसभा चुनाव परिणामों की तस्वीर साफ होने के बाद अब राजधानी दिल्ली में बैठकों का दौर चल रहा है। एनडीए की बैठक में नरेंद्र मोदी को नेता चुने जाने के बाद विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक हुई। इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने मीडियाकर्मियों से कहा कि जनादेश मोदी की नीतियों के खिलाफ है और हम सरकार से लड़ते रहेंगे। चुनाव आयोग ने लोकसभा के सभी 543 निर्वाचन क्षेत्र के लिए अंतिम परिणाम जारी कर दिये हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी को 240 और कांग्रेस को 99 सीटों पर विजयी घोषित किया गया है। बता दें कि लोकसभा में 543 सदस्य हैं, लेकिन सूरत से बीजेपी उम्मीदवार मुकेश दलाल के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद 542 सीटों के लिए मतगणना हुई। बुधवार को जारी किए गए अंतिम परिणाम के मुताबिक NDA ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। बीजेपी के उम्मीदवारों ने इस बार भी मोदी के नाम पर चुनाव लड़ा, लेकिन पार्टी 240 सीट जीत पाई जो कि बहुमत के लिए 272 सीट के आंकड़े से कम है। ऐसे में बीजेपी को सरकार बनाने के लिए NDA में सहयोगी दलों के समर्थन की जरूरत है।
इसी के साथ देश की सियासत में लगातार हलचल जारी है और इससे जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए हमारे साथ बनें रहें:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निवर्तमान केंद्रीय मंत्रिपरिषद के लिए राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज का आयोजन किया।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू की दिल्ली एयरपोर्ट पर मुलाकात हुई। स्टालिन ने चंद्रबाबू नायडू को शुभकामनाएं दी।
दिल्ली में INDI अलायंस की बैठक खत्म हो गई है। अलायंस की ओर से संयुक्त बयान जारी करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जनादेश मोदी की नीतियों के खिलाफ है। हम मोदी सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। हम सही समय पर सरकार को हटाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान अपने शुरुआती संबोधन में खुला ऑफर दिया। उन्होंने कहा किINDIA ब्लॉक में सभी राजनीतिक दलों का स्वागत है..
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने WhatsApp चैनल के जरिए दिया मैसेज-'INDIA भारत की आवाज़ है और इस आवाज़ ने अपना निर्णय साफ-साफ सुना दिया है। देश की जनता ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में अपना पूरा ज़ोर लगा दिया है, और इस संकल्प को हम पूरी शक्ति के साथ आगे बढ़ाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात्रि भोज के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे
मल्लिकार्जुन खड़गे- कांग्रेस
सोनिया गांधी -कांग्रेस
राहुल गांधी -कांग्रेस
के.सी. वेणुगोपाल- कांग्रेस
शरद पवार- एनसीपी
सुप्रिया सुले -एनसीपी
एम.के. स्टालिन- डीएमके
टी.आर. बालू -डीएमके
अखिलेश यादव- एसपी
रामगोपाल यादव- एसपी
प्रियंका गांधी वाड्रा- कांग्रेस
अभिषेक बनर्जी -एआईटीसी
अरविंद सावंत- एसएस (यूबीटी)
तेजस्वी यादव- आरजेडी
संजय यादव- आरजेडी
सीताराम येचुरी- सीपीआई (एम)
संजय राउत- एसएस (यूबीटी)
डी. राजा- सीपीआई
चंपई सोरेन- जेएमएम
कल्पना सोरेन जेएमएम
संजय सिंह- आप
राघव चड्ढा- आप
दीपांकर भट्टाचार्य- सीपीआई (एमएल)
उमर अब्दुल्ला जेकेएनसी
सैय्यद सादिक अली शिहाब थंगल आईयूएमएल
पी. के. कुन्हालीकुट्टी- आईयूएमएल
जोस के मणि- केसी (एम)
थिरु थोल. थिरुमावलवन- वीसीके
एन.के. प्रेमचंद्रन आरएसपी
एम.एच. जवाहिरुल्लाह (एमएमके)
जी. देवराजन- एआईएफबी
थिरु ई.आर. ईश्वरन (केएमडीके)
डी. रविकुमार- वीसीके
7 जून को बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और बड़े नेताओं को भी दिल्ली बुलाया गया है। आज एनडीए की बैठक में नरेंद्र मोदी को एनडीए का नेता चुन लिया गया।
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया अलायंस की बैठक जारी है।
मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन की बैठक, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंगा गांधी, सीताराम येचुरी, शरद पवार, सुप्रिया सुले, संजय राउत, उमर अब्दुल्ला, डी राजा, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव पहुंचे
एनडीए की मीटिंग में नरेंद्र मोदी को नेता चुने जाने के बाद अब सरकार गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। एनडीए के नेता आज शाम 7.30 बजे राष्ट्रपति से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे- सूत्रो के हवाले से खबर

पीएम आवास पर एनडीए की बैठक में गठबंधन के नेता के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर मुहर लग गई। सभी नेताओं ने बीजेपी का समर्थन किया।
पीएम आवास पर एनडीए की बैठक खत्म, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बाहर निकले।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव दिल्ली पहुंच गए हैं। वे इंडिया ब्लॉक की होनेवाली बैठक में शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होगी बैठक।
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा, "एनडीए में कौन है, नीतीश बाबू, चंद्रा बाबू, दो 'बाबू' हैं। चिराग बाबू हैं...'देख लेंगे'। जनता ने भाजपा का बहुमत छीन लिया और उन्हें 232 पर लाकर खड़ा कर दिया। वे 'जोड़-तोड़ वाली सरकार' बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें करने दीजिए, लोकतंत्र में ऐसी कोशिशें होती हैं। उन्हें जाने दीजिए (शपथ लेने दीजिए), अगर उनके पास नंबर है, तो वे जाएंगे। हम देखते रहेंगे, हमारा मनोरंजन हो रहा है, हम अपना मनोरंजन क्यों छोड़ेंगे?..."
कांग्रेस के सीनियर नेता सलमान खुर्शीद ने दावा किया कि मुसलमानों ने इस बार एक तरफा इंडिया गठबंधन को वोट किया है। उन्होंने कहा, 'इंडिया गठबंधन की भी जिम्मेदारी है कि वो इस बात को समझे और अनदेखी ना करे। मैं चाहता हूं कि इंडिया गठबंधन की सरकार बने। हमारे नेता आज शाम को ये सब मीटिंग में तय करेंगे।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर एनडीए की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में एनडीए के घटक दलों के सभी नेता मौजूद हैं। जेडीयू के नीतीश कुमार, टीडीपी के चंद्रबाबू नायडू, लोकजनशक्ति पार्टी (राम विलास) के नेता चिराग पासवान, आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी, शिवसेना (शिंदे) के एकनाथ शिंदे और पवन कल्याण भी मौजूद हैं।
लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के नेता चिराग पासवान और जन सेना पार्टी के नेता पवन कल्याण पीएम आवास पहुंचे। आजसू प्रमुख सुदेश महतो भी पहुंचे।
टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू और आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी भी पीएम आवास पहुंचे। एनडीए की बैठक में होंगे शामिल।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एनडीए की बैठक में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री आवास पहुंच चुके हैं।
एनडीए की बैठक के लिए गृह मंत्री अमित शाह पीएम आवास पर पहुंचे। इस बीच जेडीयू सांसद ललन सिंह नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। नीतीश कुमार एनडीए की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा(सेक्युलर) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी NDA की बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे।
दिल्ली पहुंचने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'नरेंद्र मोदी जी को पीएम बनाने के लिए जितने सांसद की जरूरत है उतने हैं और बल्कि उससे ज्यादा संख्या ही हैं। मोदी जी के नेतृत्व में NDA की सरकार बनेगी। मैं उनको समर्थन और शुभकामनाएं देने आया हूं। जिनके पास आंकड़े और बहुमत नहीं हैं वो सरकार बनाने की बात करते हैं ये मुंगेरी लाल के हसीन सपने हैं'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से की मुलाकात

शिवसेना(UBT) के नेता संजय राउत ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि चंद्र बाबू और नीतीश कुमार जैसे लोग उनके साथ जाएंगे जिनसे देश के लोकतंत्र और संविधान को खतरा है।"
उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से नव निर्वाचित भाजपा सांसद मनेज तिवारी ने पंचायत-3 'ऐ ललना हिंद के सितारा ई त सीएम होइहे ओकरो ऊपर पीएम होइहे हो' गुनगुनाया।
अमेठी से कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा, "मैं राहुल गांधी जी का विजयी प्रमाण पत्र उन्हें सौंपने के लिए लेकर आया था, वह उन्हें सौंपा और सोनिया गांधी का आशीर्वाद लिया। उनकी तरफ से कहा गया कि आप जैसे हैं वैसे ही रहना है किसी प्रकार का घमंड नहीं करना है। मैं इस निर्देश का पालन करूंगा... जीत के साथ ज़िम्मेदारी भी आती है..."
लोकसभा चुनाव के नतीजे पर चर्चा करने के लिए BJP की महाराष्ट्र इकाई की बुधवार को यहां बैठक शुरू हुई। पार्टी ने इस बार के आम चुनाव में राज्य में 9 लोकसभा सीट जीती हैं जो 2019 के संसदीय चुनाव की तुलना में 14 कम है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस , प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले उन नेताओं में शामिल हैं जो इस बैठक में भाग ले रहे हैं।
तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले I.N.D.I.A. ब्लॉक की शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन विपक्षी मोर्चे की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने बुधवार को चेन्नई से दिल्ली पहुंचे। बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बुधवार शाम होने वाली है। 2024 के लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद I.N.D.I.A. ब्लॉक की दिल्ली में यह पहली बैठक है।
जद (एस) नेता और कर्नाटक के मांड्या से नवनिर्वाचित सांसद एचडी कुमारस्वामी का कहना है, "केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने मुझे पीएम आवास में आज की बैठक के लिए आमंत्रित किया। मैं अपनी ओर से बिना किसी बड़े एजेंडे के बैठक में भाग ले रहा हूं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिना किसी बाधा के सरकार बनाना चाहते थे।
18वीं लोकसभा के लिए चुनावी नतीजे आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्रीय कैबिनेट ने 17वीं लोकसभा को भंग करने की सिफारिश कर दी है।
I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने के लिए NCP (SP) के अध्यक्ष शरद पवार दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहीं, महाराष्ठ्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिदे NDA की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में NDA के प्रदर्शन पर कहा, 'नुकसान हुआ है, ये बात सही है। बसपा का वोट सपा गठबंधन को ट्रांसफर हो गया, बड़ी वजह यही है बाकि समीक्षा करेंगे। 2 लड़को की जोड़ी ने कामयाबी हासिल की ये सच है। अभी तक NDA की बैठक का न्योता नहीं है, मिलेगा तो जाएंगे। मजबूती से NDA के साथ खड़े हैं। (रिपोर्ट: विशाल सिंह)
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से विजयी उम्मीदवार अखिलेश यादव यूपी के कन्नौज में डीएम कार्यालय पहुंचे और जीत का प्रमाण पत्र लिया।
मध्य प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल में मुलाकात की।
बीजेपी नेता रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा, " बीजेपी अकेली पार्टी हैं बाकि सारे दल मिलकर भी हमारे तक भी नहीं पहुंच पाए हैं।"
अमेठी से कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा, "यह जनता की जीत है।" स्मृति ईरानी पर उन्होंने कहा, "हार-जीत तो चलती रहती है, एक को जीतना था और दूसरे को हारना था। अगर कोई कहता है कि उसका जोश अभी भी बरकरार है, तो यह अच्छी बात है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर कैबिनेट की बैठक शुरू हुई। पीएम मोदी इस बैठक में अपने सभी मंत्रियों को धन्यवाद कहेंगे और उनका आभार व्यक्त करेंगे।
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, "वे (एनडीए) 303 सीटों से घटकर 240 सीटों पर आ गए। एनडीए ने मोदी जी की वजह से सीटें नहीं जीतीं बल्कि एनडीए की वजह से बीजेपी ने सीटें जीतीं।सबसे ज्यादा समय अयोध्या को दिया गया और इसे सबसे बड़ा विषय बनाया गया, पीएम मोदी वहां से अपने उम्मीदवार को नहीं जिता सके...बीजेपी भगवान राम की 'व्यापारी' है, 'पुजारी' नहीं...'
आंध्र प्रदेश में टीडीपी, बीजेपी और जन सेना पार्टी गठबंधन ने आंध्र प्रदेश चुनाव में जीत हासिल की और यहां कुल 175 सीटों में से 164 पर जीत हासिल की। टीडीपी ने 16 लोकसभा सीटें भी जीतीं। टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा, " आज मैं दिल्ली जा रहा हूं। चुनाव संपन्न होने के बाद दिल्ली जाने से पहले यह मेरी पहली प्रेस वार्ता है। मैं मतदाताओं के समर्थन से बहुत खुश हूं। राजनीति में उतार-चढ़ाव आम बात है। इतिहास में कई राजनीतिक नेताओं और पार्टियों को बाहर कर दिया गया है। यह एक ऐतिहासिक चुनाव है। यहां तक कि विदेशों से भी मतदाता अपने वोट का प्रयोग करने के लिए अपने गृहनगर लौट आए हैं।” (ANI)
टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा, 'राज्य के कल्याण और विकास के लिए गठबंधन बनाया गया है। 55.38% वोट पड़े हैं। टीडीपी को 45% और YSRCP को 39% वोट मिले...कई टीडीपी कार्यकर्ताओं की रातों की नींद उड़ गई है और उन्हें प्रताड़ित किया गया है। यहां तक कि राज्य में मीडिया को भी बाधित किया गया और मीडिया हाउसों पर सीआईडी मामले दर्ज किए गए।'
LJP (रामविलास) प्रमुख और हाजीपुर लोकसभा सीट से विजयी उम्मीदवार चिराग पासवान अन्य LJP (रामविलास) सांसदों के साथ बिहार के सीएम नीतीश कुमार के पटना आवास पर पहुंचे।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह आज एनडीए की बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा, "NDA को बहुमत मिल गया है। हमारे गठबंधन में कोई दिक्कत नहीं है सभी वचनबद्ध है।"
राजद नेता मनोज झा ने कहा, "... जनता ने आपको 272 सीटों तक नहीं पहुंचने दिया... मोदी की गारंटी, भैंस, मंगलसूत्र और मुजरा के बाद भी आप केवल 239 सीटें ही जीत पाए...मैं नीतीश कुमार की राजनीति से वाकिफ हूं, चंद्रबाबू जी की राजनीति से भी वाकिफ हूं। वो व्यक्ति केंद्रित विमर्श, आत्ममुग्ध नेतृत्व को या तो दुरुस्त कर देंगे या उसके साथ सहज नहीं होंगे।"
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और RJD नेता तेजस्वी यादव एक ही फ्लाइट से दिल्ली आ रहे हैं। दोनों की फ्लाइट 10.40 पर बिहार से रवाना होगी।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भुवनेश्वर से दिल्ली के लिए रवाना हुए। प्रधान ने संबलपुर लोकसभा सीट पर 1 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की। ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 147 सीटों में से 78 सीटें जीतकर परचम लहराया।
I.N.D.I.A. की बैठक में शामिल होने के लिए NCP (SP) के मुखिया शरद पवार दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। पवार के साथ में उनकी बेटी सुप्रिया भी हैं।
आज I.N.D.I.A. की बैठक में शामिल होने के लिए शिवसेना UBT के नेता उद्धव ठाकरे दिल्ली नहीं जाएंगे। ठाकरे की जगह राज्यसभा सांसद संजय राउथ बैठक में शामिल होंगे। उद्धव आज मातोश्री पर अपनी पार्टी के विजयी उम्मीदवारों से मुलाकात करेंगे और इसके लिए वह मुंबई में ही रुकेंगे। बता दें कि कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ने दिल्ली जाने की बात कही थी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार NDA की बैठक में शामिल होने के लिए 11 बजे दिल्ली जायेंगे। HAM के नेता जीतनराम मांझी 12 बजे गया से दिल्ली जायेंगे।
संपादक की पसंद