1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. प्रियंका गांधी बोलीं- असम में माफियाराज, सीएम हिमंत विश्व शर्मा पर लगाए गंभीर आरोप

प्रियंका गांधी बोलीं- असम में माफियाराज, सीएम हिमंत विश्व शर्मा पर लगाए गंभीर आरोप

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : May 01, 2024 07:33 pm IST,  Updated : May 01, 2024 07:33 pm IST

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने असम के सीएम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ये भी कहा कि असम में माफिया का राज है। उन्होंने सीएम के घोटालों में शामिल होने के भी आरोप लगाए।

Priyanka Gandhi- India TV Hindi
प्रियंका गांधी Image Source : PTI/FILE

दिसपुर: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने असम सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि असम में माफिया राज है। प्रियंका ने ये आरोप भी लगाए कि सीएम हिमंत विश्व शर्मा राज्य में अनेक घोटालों में शामिल हैं। धुबरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने दावा किया कि शर्मा का असम में एआईयूडीएफ (ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) के नेता बदरुद्दीन अजमल से उसी तरह गुप्त समझौता है, जैसा बीजेपी का तेलंगाना में असदुद्दीन ओवैसी के साथ है और इन दोनों दलों का उद्देश्य कांग्रेस को हराना है।

प्रियंका ने कर्नाटक के सांसद प्रज्वल रेवन्ना पर लगे यौन शोषण के आरोपों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके लिए वोट मांगे और फिर उन्हें देश छोड़ने से नहीं रोका। प्रियंका ने कहा, ‘‘असम में माफिया राज है। जमीन, सुपारी, रेत, कोयला और अन्य सभी क्षेत्रों में माफिया काम कर रहे हैं। हर जगह जबरन वसूली हो रही है और माफिया काम कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों की संपत्तियां, पीपीई किट और फ्लाईओवर समेत सभी तरह के घोटाले और लगातार गौ तस्करी हो रही है, लेकिन केवल एक चीज नहीं हो रही है और वह राज्य में विकास। कांग्रेस नेता ने कहा कि शर्मा जब कांग्रेस में थे तो उनके खिलाफ कई आरोप थे लेकिन वह ‘भाजपा की वॉशिंग मशीन’ में साफ हो गए।

विधायक रकीबुल हसन के लिए किया प्रचार

प्रियंका गांधी धुबरी से लोकसभा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस विधायक रकीबुल हसन के लिए प्रचार कर रही थीं। उनका मुकाबला बदरुद्दीन अजमल और भाजपा समर्थित असम गण परिषद के उम्मीदवार तथा पूर्व विधायक जाबेद इस्लाम से है। महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जब एक भूतपूर्व सैनिक की पत्नी को मणिपुर में निर्वस्त्र घुमाया गया और पदक विजेता महिला खिलाड़ियों ने एक भाजपा नेता पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए तो प्रधानमंत्री चुप रहे। 

कांग्रेस नेता ने चुनावी बॉण्ड के मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधा और इसे मोदी द्वारा शुरू की गई ‘भ्रष्टाचार योजना’ करार दिया। सत्तारूढ़ दल पर अकूत संपदा एकत्र करने का आरोप लगाते हुए प्रियंका ने कहा, ‘‘भाजपा केवल 10 साल में दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई।’’

प्रियंका ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी आम जनता की हकीकत से बहुत दूर हैं, उन्हें लोगों की परेशानियों का कोई अंदाजा नहीं है और वह ‘अहंकारी’ हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी को दुनिया के अनेक देशों की यात्रा करते हुए देखते हैं, लेकिन वह कभी भारत में किसी के घर नहीं गए। मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि बताएं कि वह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक भी घर में गये हों।’’ 

असम में बेरोजगारी

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘असम में बेरोजगारी का बढ़ना एक अहम मुद्दा है लेकिन मुख्यमंत्री तथा उनके मंत्रियों को केवल अपने निजी हितों की चिंता है।’’ प्रियंका गांधी वाद्रा ने दावा किया, ‘‘उनके मंत्री गांवों और कस्बों में ऐलान कर रहे हैं कि अगर राजग तीसरी बार सत्ता में आया तो संविधान बदल दिया जाएगा। यह संविधान आपको मतदान का अधिकार देता है। यह हम सभी को समान बनाता है।’’ 

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि हर चुनाव धार्मिक आधार पर लड़ा जाए। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस हरित क्रांति लाई थी, श्वेत क्रांति लाई थी, जबकि भाजपा भारत में नफरत की क्रांति लाई।’’ (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत