1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हेमंत सोरेन लड़ेंगे लोकसभा चुनाव और पत्नी कल्पना बनेंगी सीएम? सीएम चंपई का बड़ा दावा

हेमंत सोरेन लड़ेंगे लोकसभा चुनाव और पत्नी कल्पना बनेंगी सीएम? सीएम चंपई का बड़ा दावा

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Apr 02, 2024 08:40 pm IST,  Updated : Apr 02, 2024 09:00 pm IST

लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के बीच झारखंड की राजनीति दिलचस्प हो गई है। आपको बता दें कि राज्य में लोकसभा की कुल 14 सीटें हैं। हाल ही में राज्य के सीएम चंपई सोरेन ने कई बड़े संकेत दिए हैं।

दिलचस्प हुई झारखंड की सियासत।- India TV Hindi
दिलचस्प हुई झारखंड की सियासत। Image Source : PTI

देश में इस वक्त लोकसभा चुनाव की लहर चल रही है। देश के तमाम राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस बीच झारखंड में भी लोकसभा की कुल 14 सीटों पर तैयारियां जारी हैं। अब यहां की राजनीति और दिलचस्प हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख नेता और राज्य के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन इस वक्त जेल में हैं। हेमंत सोरेन ने गिरफ्तार होने से पहले चंपई सोरेन को झारखंड के नए सीएम के रूप में चुना था। अब चंपई सोरेन ने हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

हेमंत सोरेन लड़ेंगे लोकसभा चुनाव?

झारखंड की राजनीति में ये सवाल चर्चा का केंद्र बना हुआ है कि क्या पूर्व सीएम हेमंत सोरेन सोरेन आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में चुनाव लड़ेंगे? झारखंड के सीएम और झामुमो नेता चंपई सोरेन ने इस सवाल का जवाब दिया है। सीएम चंपई ने कहा है कि झामुमो इस बात पर फैसला लेगा कि क्या गिरफ्तार हेमंत सोरेन को दुमका लोकसभा सीट से भाजपा की सीता सोरेन के खिलाफ मैदान में उतारा जाए? आपको बता दें कि  दुमका लोकसभा सीट से भाजपा ने हेमंत की भाभी सीता सोरेन को टिकट दिया है। 

क्या कल्पना सोरेन बनेंगी सीएम?

झारखंड में बीते दिनों हुए सियासी उथल-पुथल के समय से ही हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा है। अब वर्तमान सीएम चंपई सोरेन ने इस पर भी जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि गांडेय विधानसभा सीट से हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना की उम्मीदवारी के बारे में झामुमो पार्टी एक सप्ताह में निर्णय लेगी। चंपई ने कहा कि अगर कल्पना विधानसभा चुनाव लड़ती हैं और जीतती हैं, तो झामुमो तय करेगा कि क्या वह मुख्यमंत्री बनेंगी। 

झारखंड में कब होंगे चुनाव?

लोकसभा चुनाव 2024 का आयोजन कुल 7 चरणों में किया जाएगी। चुनाव की शुरुआत 19 अप्रैल से होगी। झारखंड में 14 सीटों के लिए 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को चौथे, पांचवें, छठे और सातवें चरण में चुनाव होंगे। वहीं, निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव का परिणाम 4 जून को जारी किया जाएगा। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया का बड़ा ऐलान, बोले- 'मैं अब चुनाव नहीं लड़ूंगा'


Lok Sabha Elections 2024: एक्शन में आया चुनाव आयोग, 5 राज्यों में 8 डीएम और 12 एसपी का तबादला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत