1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. लोकसभा में जल्द ही बढ़ सकती है BJP के सांसदों की संख्या! पार्टी के मंत्री ने किया चौंकाने वाला दावा

लोकसभा में जल्द ही बढ़ सकती है BJP के सांसदों की संख्या! पार्टी के मंत्री ने किया चौंकाने वाला दावा

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Jul 21, 2025 01:28 pm IST,  Updated : Jul 21, 2025 01:57 pm IST

महाराष्ट्र में भाजपा के मंत्री गिरीश महाजन ने दावा किया है कि कई विपक्षी सांसद भाजपा के संपर्क में हैं और जल्द ही पार्टी का संख्याबल बढ़ेगा।

BJP MEMBERS LOK SABHA GIRISH MAHAJAN- India TV Hindi
भाजपा नेता गिरीश महाजन का बड़ा दावा। Image Source : PTI/X (@GIRISHDMAHAJAN)

संसद का मानसून सत्र सोमवार 21 जुलाई से शुरू हो चुका है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के मंत्री और सांसद संसद भवन पहुंचने लगे हैं। पीएम मोदी ने भी मानसून सत्र की शुरुआत में देश को संबोधित किया है। इस बीच महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और भाजपा नेता गिरीश महाजन के एक दावे ने सभी को चौंका दिया है। मंत्री गिरीश महाजन ने दावा किया है कि विपक्षी खेमे के कुछ सांसद, विशेषकर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद भाजपा के संपर्क में हैं।

गिरीश महाजन ने क्या दावा किया?

महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने रविवार को ये चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने सोलापुर जिले के प्रसिद्ध पंढरपुर मंदिर में दर्शन करने के बाद कहा- ‘‘भाजपा के सांसदों की संख्या और बढ़ेगी। पहले चार सांसद हमारे संपर्क में थे, अब तीन और सांसदों के जुड़ने की संभावना है। ये सांसद विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के हैं, लेकिन अधिकतर शिवसेना (यूबीटी) गुट से हैं।’’

ठाकरे ब्रांड अपनी प्रासंगिकता खो चुका है- महाजन 

मंत्री गिरीश महाजन ने शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। बता दें कि हाल ही में संजय राउत के साथ एक इंटरव्यू में उद्धव ठाकरे ने कहा था कि ठाकरे केवल एक ‘ब्रांड’ नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र, मराठी मानुस और हिंदू गौरव की पहचान है। इस पर गिरीश महाजन ने कहा कि ‘‘ठाकरे ब्रांड अपनी प्रासंगिकता बहुत पहले ही खो चुका है। बालासाहेब ठाकरे शिवसेना के असली नेता थे, लेकिन साल 2019 में जब उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया तो उसके बाद ये स्थिति बदल गई। उन्होंने बालासाहेब की विचारधारा को त्याग दिया। तभी ठाकरे ब्रांड का अस्तित्व खत्म हो गया।’’ (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत