1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Maharashtra Politics: चंद्रशेखर बावनकुले बने महाराष्ट्र BJP के अध्यक्ष, आशीष शेलार को मिली मुंबई की जिम्मेदारी

Maharashtra Politics: चंद्रशेखर बावनकुले बने महाराष्ट्र BJP के अध्यक्ष, आशीष शेलार को मिली मुंबई की जिम्मेदारी

 Edited By: Pankaj Yadav
 Published : Aug 12, 2022 07:40 pm IST,  Updated : Aug 12, 2022 08:23 pm IST

Maharashtra Politics: भारतीय जनता पार्टी ने चंद्रशेखर बावनकुले को महाराष्ट्र बीजेपी का अध्यक्ष बनाया है। वे नागपुर से बीजेपी के नेता हैं। वहीं आशीष शेलार को मुंबई बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है।

Chandrashekhar Bawankule And Ashish Shelar- India TV Hindi
Chandrashekhar Bawankule And Ashish Shelar

Highlights

  • चंद्रशेखर बावनकुले अध्यक्ष पद पर चंद्रकांत पाटिल की जगह ली है
  • शेलार ने मुंबई अध्यक्ष के रूप में मंगल प्रभात लोढ़ा का स्थान लिया है

Maharashtra Politics: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को विधान परिषद सदस्य चंद्रशेखर बावनकुले को पार्टी की महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष और विधायक आशीष शेलार को मुंबई महानगर इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। यह जानकारी पार्टी की तरफ से जारी प्रेस रिलीज से दी गई। पार्टी ने OBC से आने वाले बावनकुले को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर चंद्रकांत पाटिल की जगह बैठाया है। पाटिल को पिछले दिनों महाराष्ट्र सरकार में मंत्री बनाया गया था। वहीं शेलार मराठा समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने मुंबई शहर इकाई के अध्यक्ष के रूप में मंगल प्रभात लोढ़ा का स्थान लिया है। लोढ़ा को भी हाल ही में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बनाया गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस इस सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं।

भाजपा को महाराष्ट्र में नंबर एक की पार्टी बनाउंगा -चंद्रशेखर बावनकुले

बावनकुले की नियुक्ति को 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पिछड़ा वर्ग को लामबंद करने की भाजपा की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अमरावती में पत्रकारों से बातचीत करते बावनकुले ने कहा कि उनकी कोशिश 2024 के लोकसभा चुनाव में 45 सीटें और महाराष्ट्र विधानसभा की 288 में से 200 सीटें जीतने की होगी। उन्होंने कहा कि मेरी कोशिश भाजपा को महाराष्ट्र में नंबर एक की पार्टी बनाने की होगी। बावनकुले को केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी का करीबी माना जाता है। वह 2014 से 2019 तक फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में ऊर्जा मंत्री थे। हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में उनके पारंपरिक विधानसभा क्षेत्र से पार्टी ने टिकट काट दिया था। उन्होंने कमाठी विधानसभा सीट का तीन दफा प्रतिनिधित्व किया। हाल ही में उन्हें महाराष्ट्र विधानपरिषद का सदस्य बनाया गया था। बावनकुले ने जमीनी स्तर की राजनीति की है। वह भाजपा के नागपुर जिला इकाई में महासचिव और जिला परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। 

आशीष शेलार को पार्टी ने सौंपी मुंबई महानगर की जिम्मेदारी

शेलार को मुंबई महानगर के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपना देश की सबसे बड़ी नगरपालिका परिषद के होने वाले चुनाव के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह इससे पहले भी दो बार इस पद पर रह चुके हैं। साल 2017 के मुंबई नगरपालिका के चुनाव में उनके नेतृत्व में भाजपा ने चुनाव लड़ा था लेकिन कांटे की लड़ाई में पार्टी जीत से कुछ ही कदम दूर रह गई थी। शेलार को कुशल संगठन कार्यकर्ता के तौर पर देखा जाता है और उनकी गिनती महाराष्ट्र भाजपा के आक्रामक नेताओं में होती है। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपनी राजनीतिक शुरुआत की थी। वह भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी भी रह चुके हैं। वह दो बार खार पश्चिम से नगर सेवक चुने जा चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत