1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. वोटिंग से एक दिन पहले कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, असम में कैंडिडेट ने ही छोड़ दी पार्टी

वोटिंग से एक दिन पहले कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, असम में कैंडिडेट ने ही छोड़ दी पार्टी

 Published : Apr 08, 2026 07:43 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 07:43 pm IST

असम में मतदान से एक दिन पहले सुरेन दैमरी ने कांग्रेस छोड़ने और चुनाव से हटने का ऐलान कर दिया, हालांकि EVM में उनका नाम रहेगा। दैमरी ने पार्टी पर उपेक्षा और भेदभाव के आरोप लगाए, जिससे चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया।

Assam election news 2026, Suren Daimary Congress exit, Assam voting updates- India TV Hindi
असम में वोटिंग से एक दिन पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

गुवाहाटी: असम में विधानसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। उदलगुड़ी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेन दैमरी ने बुधवार को पार्टी छोड़ने और चुनावी मैदान से हटने का ऐलान कर दिया। हालांकि, कांग्रेस ने साफ किया है कि दैमरी ने अभी तक पार्टी को औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है। निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दैमरी का नाम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बना रहेगा और मतदाता उनके पक्ष में वोट कर सकेंगे, क्योंकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख काफी पहले ही समाप्त हो चुकी है।

'कांग्रेस सिर्फ मिया समुदाय के लिए काम करती है'

कांग्रेस के प्रवक्ता बेदब्रत बोरा ने ‘PTI-भाषा’ से कहा कि दैमरी ने मीडिया के सामने अपने फैसले की घोषणा की है, लेकिन पार्टी को अभी तक उनका इस्तीफा नहीं मिला है। इससे पहले सुरेन दैमरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है और चुनावी मुकाबले से हटने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस में रहने का कोई फायदा नहीं है। इसने मुझे धोखा दिया है। कांग्रेस सिर्फ मिया समुदाय के लिए काम करती है, लेकिन मेरे जैसे अनुसूचित जनजातियों के लोगों के लिए कुछ नहीं करती।'

'पार्टी नेतृत्व ने मेरा फोन तक नहीं उठाया'

दैमरी ने यह भी दावा किया कि उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद उन्हें पार्टी से कोई सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा, 'मैंने पार्टी नेतृत्व को बार-बार फोन किया, लेकिन उन्होंने मेरा फोन तक नहीं उठाया। मुझे बहुत दुख है क्योंकि उन्होंने मेरी बिल्कुल भी मदद नहीं की। जिला कांग्रेस कमेटी ने भी मेरी मदद नहीं की।' दैमरी ने बताया कि उन्होंने लंबे समय तक इंतजार किया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पार्टी छोड़ने का फैसला किया। मतदान से एक दिन पहले इस्तीफा देने के सवाल पर उन्होंने कहा, 'मैंने पार्टी के साथ विश्वासघात नहीं किया, पार्टी ने मेरे साथ विश्वासघात किया है।'

असम की 126 सीटों के लिए वोटिंग 9 अप्रैल को

उधर, निर्वाचन आयोग ने साफ किया है कि नामांकन पत्र वापस लेने की समय सीमा बहुत पहले ही बीत चुकी है और अब EVM से किसी भी उम्मीदवार का नाम हटाया नहीं जा सकता। बता दें कि असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। उदलगुड़ी सीट पर कुल 4 उम्मीदवार मैदान में हैं। दैमरी के अलावा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीजेपी की सहयोगी) के रिहोन दैमरी, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के दिपेन बोरो और वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के उनीके बसुमतारी एक दूसरे के खिलाफ ताल ठोक रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत