1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कौन हैं नितिन नबीन? जिन्हें BJP ने बनाया अपना नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

कौन हैं नितिन नबीन? जिन्हें BJP ने बनाया अपना नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

 Reported By: Devendra Parashar, Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Dec 14, 2025 05:11 pm IST,  Updated : Dec 14, 2025 07:21 pm IST

नितिन नबीन को बीजेपी ने बड़ी जिम्मेदारी दे दी है। वे बीजेपी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हैं। वे कायस्थ समाज से आते हैं। इस खबर में नितिन नबीन के बारे में विस्तार से जानिए।

नितिन नबीन, BJP के नए...- India TV Hindi
नितिन नबीन, BJP के नए कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हैं। Image Source : @NITINNABIN/TWITTER

नई दिल्ली: बिहार की सियासत से निकलकर अब राष्ट्रीय स्तर पर नितिन नबीन की राजनीतिक हैसियत और मजबूत हो गई। बीजेपी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है, जो न केवल बिहार बल्कि पार्टी के संगठन में उनकी बढ़ती पकड़ का साफ इशारा है। बांकीपुर से 5 बार विधायक रह चुके नितिन नबीन का यह सियासी सफर अनुभव, संगठनात्मक मजबूती और विश्वास की कहानी कहता है। इस खबर में जानिए नितिन नबीन कौन हैं, जिन्हें बीजेपी ने अपना नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है।

PM मोदी ने की नितिन नबीन की तारीफ

बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर नितिन नबीन ने कहा, "मुझे यह मौका देने के लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व, पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय नेतृत्व में सभी को बधाई देता हूं।" वहीं, उनको बधाई देते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ''नितिन नबीन ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें काफी संगठनात्मक अनुभव है और बिहार में विधायक और मंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उन्होंने जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए बहुत मेहनत की है। वे अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे भरोसा है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले वक्त में हमारी पार्टी को मजबूती देगा। बीजेपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।''

गृहमंत्री शाह की नितिन नबीन को शुभकामनाएं

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बधाई देते हुए पोस्ट किया, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं भाजपा संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ नेताओं द्वारा नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हो, या बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष या छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी, उन्होंने संगठन के हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सफलता से निभाया है। बिहार में 5 बार विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में उनके पास जनता के बीच लंबे समय से कार्य करने का अनुभव है। आज उनका राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना दिन-रात परिश्रम करने वाले हर युवा भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है। मैं उनके नवीन दायित्व और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।''

जेपी नड्डा की नितिन नबीन को बधाई

वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पोस्ट किया, ''ज्ञान और संस्कृति की पुण्यधरा बिहार के भाजपा नेता एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर उन्हें आत्मीय बधाई देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं आपके नेतृत्व में संगठन राष्ट्र व जनसेवा की भावनाओं के साथ नए आयाम स्थापित करेगा। आपके यशस्वी एवं सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।''

रक्षामंत्री ने कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर दी बधाई

वहीं, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पोस्ट किया, ''बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन को बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे बीजेपी को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे। उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं।''

नितिन नबीन कौन हैं?

बता दें कि नितिन नबीन बिहार के अनुभवी बीजेपी नेता हैं। वे लंबे वक्त से पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। लोग उन्हें बिहार की राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए जानते हैं। राजनीतिक सफर की बात करें तो नितिन नबीन की संगठन और विधानसभा दोनों लेवल मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे बिहार सरकार में शहरी विकास, सड़क, भवन निर्माण जैसे अहम डिपार्टमेंट्स को संभाल चुके हैं। प्रशासनिक कामकाज में उनकी तेजी और सख्ती उनकी पहचान है। नितिन नबीन जमीनी नेता कहे जाते हैं, जो अपने विधानसभा क्षेत्र में काफी सक्रिय रहते हैं। उनमें प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक मजबूती, दोनों में दिखाई देते हैं।

सम्राट चौधरी ने नितिन नबीन को दी बधाई

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी और संगठन के नेता जेपी नड्डा को धन्यवाद देता हूं कि बिहार की धरती से उन्होंने नितिन नबीन को चुना। नितिन नबीन बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में मनोनीत हुए हैं। इसके लिए नितिन नबीन को बहुत-बहुत बधाई।

बिहार BJP चीफ ने इसे बताया ऐतिहासिक

बिहार के मंत्री नितिन नबीन को BJP का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बिहार में पार्टी के अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, "आज बीजेपी के लिए बहुत ही ऐतिहासिक दिन है कि बिहार के एक नेता को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। मैं नितिन नबीन को बधाई देता हूं।"

नितिन नबीन ने आज ही बांकीपुर में की थी रैली

बता दें कि नितिन नबीन आज (रविवार को) ही बांकीपुर विधानसभा में कार्यकर्ता परिवार सम्मान समारोह में शामिल हुए थे। यह कार्यक्रम बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत की खुशी में आयोजित किया गया था। नितिन नबीन ने इस समारोह को संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनसमर्थन को समर्पित बताया था। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता और समर्थक मौजूद रहे थे।

ये भी पढ़ें-

UP में BJP का नया प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद क्या बोले पंकज चौधरी? सामने आया बयान

"2017 के पहले यूपी में बिजली नहीं थी, क्योंकि डकैती अंधेरे में ही होती है", CM योगी का विपक्ष पर करारा हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत