PM Modi Guwahati Speech: असम के गुवाहाटी की रैली में PM मोदी ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही देश का बजट आया है। बजट के बाद असम का और नार्थ-ईस्ट का मेरा ये पहला दौरा है। जिस नार्थ-ईस्ट को कांग्रेस ने हमेशा नजरअंदाज किया, हम उस नार्थ-ईस्ट की भक्तिभाव से सेवा कर रहे हैं। नॉर्थ ईस्ट हमारे लिए अष्ठलक्ष्मी है। इस वर्ष का बजट, अष्टलक्ष्मी के लिए BJP-NDA के विजन को और मजबूती देने वाला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'मां कामाख्या की असम पर, असमवासियों पर, देश पर और देशवासियों पर बहुत कृपा रही है। उनके आशीर्वाद से असम ने राष्ट्र रक्षा और देश की स्वतंत्रता एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने वाली अनेक संतानें दी हैं। ऐसी ही एक संतान कबीन्द्र पुरकायस्थ को मैं आज प्रणाम करता हूं। उन्होंने अपना पूरा जीवन असम और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। इसी योगदान को नमन करते हुए भाजपा-NDA सरकार को उन्हें पद्म पुरस्कार से सम्मानित करने का सौभाग्य मिला है।'
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2014 के बाद नार्थ-ईस्ट के 125 से अधिक महान व्यक्तित्वों को पद्म पुरस्कार मिले हैं। ये दिखाता है कि असम और नॉर्थ-ईस्ट की धरती का सामर्थ्य कितना बड़ा है। नार्थ-ईस्ट का यही सामर्थ्य अब विकसित भारत का बहुत बड़ा आधार है।
PM मोदी ने कहा, 'बड़ी-बड़ी आम सभाएं करने का तो बहुत अवसर मिलता है। जनता जनार्दन के दर्शन करना, उनसे संबोधन करना लगातार चलता रहता है। लेकिन, असम के बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं के दर्शन करना मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है। आज BJP जहां पहुंची है, उसका श्रेय अगर किसी को मिलता है, तो वो सिर्फ और सिर्फ BJP के कार्यकर्ताओं को जाता है।'
उन्होंने कहा कि हमारा विश्वास संगठन में है। हम राष्ट्रजीवन में परिवर्तन का आधार संगठन की शक्ति मानते हैं। इसलिए, इतनी बड़ी तादाद में जमीन की जड़ों से जुड़े हुए कार्यकर्ताओं के दर्शन करना बहुत बड़ा सौभाग्य है।
संपादक की पसंद