Sunday, December 07, 2025
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. उत्तराखंड में रजत जयंती के मौके पर PM मोदी ने दी 8 हजार करोड़ से ज्यादा की सौगात, जानें क्या-क्या कहा

उत्तराखंड में रजत जयंती के मौके पर PM मोदी ने दी 8 हजार करोड़ से ज्यादा की सौगात, जानें क्या-क्या कहा

उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर आयोजित रजत जयंती समारोह में PM मोदी ने हिस्सा लिया। पढ़ें उत्तराखंड के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के विकास को लेकर क्या बताया?

Written By: Vinay Trivedi
Published : Nov 09, 2025 11:01 am IST, Updated : Nov 09, 2025 02:37 pm IST
pm modi uttarakhand visit- India TV Hindi
Image Source : TWITTER @BJP4INDIA उत्तराखंड के रजत जयंती समारोह में PM मोदी।

देहरादून: उत्तराखंड की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर PM मोदी उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की वर्षगांठ के रजत जयंती समारोह में भाग लिया। इस मौके पर पीएम मोदी ने 8 हजार करोड़ से ज्यादा की सौगात दी। पीएम मोदी ने उत्तराखंड के आंदोलन में जान गंवाने वाले बलिदानियों को याद किया और उत्तराखंड की स्थापना दिवस की लोगों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि राज्य निरंतर पर्यटन सहित अन्य क्षेत्रों में प्रगति पर है। इस खबर में पढ़ें PM मोदी के उत्तराखंड के रजत जयंती समारोह में क्या बातें बताईं।

उत्तराखंड की सिल्वर जुबली पर PM मोदी ने क्या कहा?

- पीएम मोदी ने कहा कि देश ने आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया है और इसका रास्ता वोकल फॉर लोकल से तय होगा। उत्तराखंड इस विजन को हमेशा से जीता आया है। स्थानीय उत्पादों से लगाव, उनका उपयोग, और उन्हें अपने जीवन का हिस्सा बना लेना यहां की परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तराखंड का असली परिचय उसकी आध्यात्मिक शक्ति है। उत्तराखंड अगर ठान ले तो अगले कुछ ही साल में खुद को Spiritual Capital of the World के रूप में स्थापित कर सकता है। यहां के मंदिर, आश्रम, योग के सेंटर, इन्हें हम ग्लोबल सेंटर से जोड़ सकते हैं।

- पीएम मोदी के मुताबिक, देवभूमि उत्तराखंड, भारत के आध्यात्मिक जीवन की धड़कन है। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, जागेश्वर और आदि कैलाश, ये तीर्थ हमारे विश्वास और आस्था के प्रतीक हैं।  हर साल लाखों श्रद्धालु इन पवित्र धामों की यात्रा पर आते हैं। उनकी यह यात्रा भक्ति का मार्ग खोलती है, साथ ही उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा भरती है।

-प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इन 25 साल में इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 10 गुना से ज्यादा बढ़ी है। पहले यहां सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज था, आज 10 मेडिकल कॉलेज हैं। 

- पीएम मोदी बोले कि 25 साल पहले उत्तराखंड का बजट 4 हजार करोड़ रुपये का था, आज यह बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है। पिछले 25 साल में उत्तराखंड में बिजली उत्पादन चार गुना बढ़ चुका है। पिछले 25 साल में उत्तराखंड में सड़कों की लंबाई दोगुनी हो चुकी है। पहले यहां 6 महीने में लगभग 4 हजार यात्री हवाई जहाज से आते थे, आज एक दिन में 4,000 से ज्यदा यात्री हवाई जहाज से आते हैं।

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जब उत्तराखंड अपने 25 वर्ष पूरे कर रहा है, तो मेरा यह विश्वास और भी दृढ़ हो गया है कि यह उत्तराखंड के उत्कर्ष का कालखंड है। 25 साल पहले जब उत्तराखंड नया-नया बना था, तब चुनौतियां कम नहीं थीं। संसाधन सीमित थे, बजट छोटा था, आय के स्रोत कम थे, और ज्यादातर जरूरतें केंद्र की सहायता से पूरी होती थीं। आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।

- पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन हम सभी को गर्व का एहसास करा रहा है। उत्तराखंड की देवतुल्य जनता ने वर्षों तक जो सपना देखा था, वह अटल जी की सरकार में पूरा हुआ था। बीते 25 साल की यात्रा के बाद आज उत्तराखंड जिस ऊंचाई पर है, उसे देखकर हर उस व्यक्ति का खुश होना स्वाभाविक है, जिन्होंने इस खूबसूरत राज्य के लिए संघर्ष किया था।

- उत्तराखंड की 25वीं वर्षगांठ की रजत जयंती के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड के सामर्थ्य को नई ऊंचाई पर ले जा रही है। 9 नवंबर का दिन लंबी तपस्या का फल है। उत्तराखंड के लोगों का सपना अटल जी ने पूरा किया।

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं आप सबको उत्तराखंड की रजत जयंती पर बहुत-बहुत बधाई देता हूं। इस अवसर पर उत्तराखंड के उन बलिदानियों को भी श्रद्धांजलि देता हूं, जिन्होंने आंदोलन के दौरान अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। मैं उस समय के सभी आंदोलनकारियों का भी वंदन और अभिनंदन करता हूं।

- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "उत्तराखंड के गठन की सिल्वर जुबली समारोह पर मैं आप सभी को बधाई देता हूं। मैं ईश्वर से पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और उनके नेतृत्व में देश की प्रगति की कामना करता हूं।"

- प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के गठन की रजत जयंती समारोह के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के दौरान देहरादून में अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों से बातचीत की।

- उत्तराखंड की 25वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री मोदी ने डाक टिकट जारी कर दिया है। यहां देहरादून में हो रहे रजत जयंती समारोह में PM मोदी हिस्सा ले रहे हैं।

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के गठन के रजत जयंती समारोह में शामिल हुए। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ मौजूद हैं।

- उत्तराखंड की 25वीं वर्षगांठ पर PM मोदी देहरादून पहुंच गए हैं। यहां वे राज्य की स्थापना दिवस पर आयोजित रजत जयंती समारोह में भाग लेंगे।

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड राज्य के गठन के 25 साल पूरे होने के मौके पर देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान में आयोजित रजत जयंती समारोह में शामिल होंगे। राज्य स्थापना दिवस के समारोह के लिए यहां भव्य तैयारियां की गई हैं। इसमें लगभग 1 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

- उत्तराखंड गठन के रजत जयंती समारोह में पीएम मोदी के शामिल होने पर बीजेपी विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा, "लोग बहुत उत्साहित हैं। पीएम मोदी का आना इस पल को और भी खास बना देगा। जब भी पीएम मोदी आते हैं। उत्तराखंड को कुछ न कुछ देकर जाते हैं। हमें यकीन है कि आज भी ऐसा ही होगा।"

- PM मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ''उत्तराखंड की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर राज्य के मेरे सभी भाई-बहनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति की गोद में बसी हमारी यह देवभूमि आज पर्यटन के साथ-साथ हर क्षेत्र में प्रगति की नई रफ्तार भर रही है। प्रदेश के इस विशेष अवसर पर मैं यहां के विनम्र, कर्मठ और देवतुल्य लोगों की सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।''

ये भी पढ़ें-

Myth Vs Data: वोटिंग प्रतिशत बढ़ा तो जरूर बदलेगी सरकार, ये चुनाव का सबसे बड़ा मिथक, आंकड़ों के जरिए जानें सच

‘कांग्रेस मुस्लिम है और मुस्लिम ही कांग्रेस’, तुष्टिकरण से भरा ऐसा बयान देने को क्यों मजबूर हैं ताकतवर CM रेवंत रेड्डी

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement