1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दुर्गापुर में 5000 करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का उद्घाटन, PM मोदी बोले- दुनियाभर में भारत की हो रही वाहवाही

दुर्गापुर में 5000 करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का उद्घाटन, PM मोदी बोले- दुनियाभर में भारत की हो रही वाहवाही

 Edited By: Amar Deep
 Updated : Jul 18, 2025 06:33 pm IST

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में पीएम मोदी ने 5000 से ज्यादा करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल को दो नए रेलवे ओवरब्रिज भी समर्पित किए हैं।

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में पीएम मोदी- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में पीएम मोदी Image Source : BJP4INDIA/X

पीएम मोदी आज शुक्रवार को बिहार और पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी ने बिहार के मोतिहारी जिले में 7200 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके अलावा PM मोदी ने दरभंगा में नए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) और पटना में एसटीपीआई की अत्याधुनिक इनक्यूबेशन सुविधा का भी उद्घाटन किया। वहीं बिहार को चार अमृत भारत ट्रेनों की सौगात भी मिली। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में पीएम मोदी ने 5000 से ज्यादा करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसमें तेल और गैस, बिजली, सड़क और रेल जैसे विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं। 

 

PM Modi In Bihar Bengal

Auto Refresh
Refresh
  • 5:01 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    2047 तक 'विकसित भारत' बनाने का संकल्प

    पीएम मोदी ने कहा, 'आज दुर्गापुर और रघुनाथपुर के कारखानों को नई तकनीक से लैस किया जा रहा है। इनमें 1500 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। मैं इन परियोजनाओं के पूरा होने पर पश्चिम बंगाल के लोगों को बधाई देता हूं। हम 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।'

  • 4:51 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    गैस कनेक्टिविटी पर हुआ बहुत काम

    पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 सालों में देश में गैस कनेक्टिविटी पर बहुत काम हुआ है। पिछले एक दशक में हर घर तक LPG पहुंची है। दुनिया ने इसकी सराहना की है। हमने वन नेशन, वन गैस विजन पर काम किया और प्रधानमंत्री ऊर्जा योजना बनाई। इसके तहत पश्चिम बंगाल सहित, भारत के छह पूर्वी राज्यों में पाइपलाइन बिछाई जा रही है।

  • 4:49 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    भारत को बनाना है विकसित देश

    पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश में हम एक ही लक्ष्य से एकजुट हैं। भारत को एक विकसित देश बनाना है। हमारा मिशन विकास के माध्यम से सशक्तिकरण, रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता और सुशासन के माध्यम से करुणा के सिद्धांतों पर आधारित है।

     

  • 4:42 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    बंगाल को दो नए रेलवे ओवरब्रिज समर्पित किए गए

    दुर्गापुर में पीएम मोदी ने कहा, 'पश्चिम बंगाल में रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए बहुत काम किया गया है। पश्चिम बंगाल देश के उन राज्यों में से एक है। जहां वंदे भारत ट्रेनें बड़ी संख्या में चलाई जा रही हैं। कोलकाता मेट्रो का विस्तार किया जा रहा है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। आज पश्चिम बंगाल को दो नए रेलवे ओवरब्रिज समर्पित किए गए हैं।'

  • 4:38 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    भारत की श्रमशक्ति का भी एक बड़ा केंद्र है दुर्गापुर

    पीएम मोदी ने कहा कि हमारा दुर्गापुर, स्टील सिटी होने के साथ ही भारत की श्रमशक्ति का भी एक बड़ा केंद्र है। भारत के विकास में दुर्गापुर की बहुत बड़ी भूमिका है, और आज इसी भूमिका को मजबूत करने का हमें अवसर मिला है। थोड़ी देर पहले यहां 5,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। ये सभी परियोजनाएं यहां की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी और गैस-आधारित परिवहन तथा अर्थव्यवस्था को बल देंगी।

  • 4:24 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    एयर पोर्ट पर उतरा पीएम मोदी का विमान

    काजी नजरुल इस्लाम हवाई अड्डे अंडाल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान उतर गया है। पीएम मोदी अंडाल हवाई अड्डे से सड़क मार्ग से लगभग 16 किलोमीटर दूर दुर्गापुर के नेहरू स्टेडियम में पहुंचेंगे।

  • 1:39 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    मोतिहारी के बाद अब दुर्गापुर जाएंगे PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोतिहारी के बाद अब पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जाएंगे। दुर्गापुर पीएम 5000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे

  • 1:22 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    हमारा संकल्प है - समृद्ध बिहार, हर युवा को रोजगार: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'भाजपा और NDA का विजन है, जब बिहार आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा और बिहार तब आगे बढ़ेगा जब यहां का युवा आगे बढ़ेगा। हमारा संकल्प है - समृद्ध बिहार, हर युवा को रोजगार! बिहार के नौजवानों को बिहार में ही रोजगार के ज्यादा से ज्यादा मौके मिलें, इसके लिए बीते वर्षों में यहां तेजी से काम हुआ है। नीतीश जी की सरकार ने यहां लाखों युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकार में नियुक्ति भी दी है और नीतीश जी ने अभी बिहार के नौजवानों के रोजगार के लिए नए निश्चय भी लिए हैं। केंद्र सरकार कंधे से कंधा मिलाकर उनका साथ दे रही है।'

  • 1:20 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    RJD और कांग्रेस के राज में गरीब को ऐसे घर मिलना असंभव था: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोतिहारी में कहा, 'पिछले 11 वर्षों में पीएम आवास योजना के तहत देश में गरीबों के लिए 4 करोड़ से भी ज्यादा घर बनाए गए हैं। इनमें से करीब 60 लाख घर अकेले बिहार में बने हैं। हमारे अकेले मोतिहारी जिले में ही 3 लाख के करीब गरीब परिवारों को पक्के घर मिलें हैं और गिनती लगातार बढ़ रही है। RJD और कांग्रेस के राज में गरीब को ऐसे पक्के घर मिलना असंभव था। जिन लोगों के राज में लोग अपने घरों में रंग-रोगन तक नहीं करवाते थे, डरते थे कि अगर रंग-रोगन हो गया तो पता नहीं कि मकान मालिक को ही उठवा लिया जाए।'

  • 1:19 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    RJD और कांग्रेस के राज में विकास पर ब्रेक था: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज की पीढ़ी को जानना जरूरी है कि बिहार दो दशक पहले किस तरह हताशा में डूबा हुआ था। RJD और कांग्रेस के राज में विकास पर ब्रेक था, गरीब का पैसा गरीब तक पहुंचना असंभव था। जो शासन में थे, उनमें बस यही सोच थी कि कैसे गरीब के हक का पैसा लूट लें। लेकिन बिहार असंभव को भी संभव बनाने वाले वीरों की धरती है। आप लोगों ने इस धरती को RJD और कांग्रेस की बेड़ियों से मुक्त किया, असंभव को संभव बनाया। उसी का परिणाम है कि आज बिहार में गरीब कल्याण को योजनाएं सीधे गरीबों तक पहुंच रही है।'

  • 1:17 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    हमें बिहार को विकसित बिहार बनाना है: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'पूर्वी भारत को आगे बढ़ाने के लिए हमें बिहार को विकसित बिहार बनाना है। आज बिहार में इतनी तेजी से काम इसलिए हो रहा है, क्योंकि केंद्र और राज्य में बिहार के लिए काम करने वाली सरकार है। जब केंद्र में कांग्रेस और RJD की सरकार थी, तो UPA के 10 साल में बिहार को सिर्फ 2 लाख करोड़ रुपये के आसपास मिले। यानी नीतीश जी की सरकार से ये लोग बदला ले रहे थे। 2014 में केंद्र में आपने मुझे सेवा करने का अवसर दिया। केंद्र में आने के बाद मैंने बिहार से बदला लेने वाली उस पुरानी राजनीति को भी समाप्त कर दिया। पिछले 10 साल में, NDA के 10 वर्षों में बिहार के विकास के लिए जो राशि दी गई है, वो पहले से कईं गुना ज्यादा है।'

  • 1:17 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    पीएम मोदी ने बताया अपना संकल्प

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'हमारा संकल्प है कि आने वाले समय में जैसे पश्चिमी भारत में मुंबई है, वैसे ही पूरब में मोतिहारी का नाम हो। जैसे अवसर गुरुग्राम में हैं, वैसे ही अवसर गया जी में भी बनें। पुणे की तरह पटना में भी औधोगिक विकास हो। सूरत की तरह ही संथाल परगना का भी विकास हो। जयपुर की तरह जलपाईगुड़ी और जाजपुर में भी टूरिज्म के नए रिकॉर्ड बने। बंगलुरू की तरह वीरभूम के लोग भी आगे बढ़ें।'

  • 1:03 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'विकास परियोजनाओं की बहुत-बहुत बधाई'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज यहां से 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास हुआ है। मैं आप सभी को और सभी बिहार वासियों को इन विकास परियोजनाओं की बहुत-बहुत बधाई देता हूं।'

  • 12:58 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'भारत में ये दौर हमारे पूर्वी राज्यों का है'

    21वीं सदी में दुनिया बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। एक समय जो ताकत केवल पश्चिमी देशों के वास होती थी, उसमें अब पूरब के देशों का दबदबा और भागीदारी बढ़ रही है। पूरब के देश अब विकास की नई रफ्तार पकड़ रहे हैं। जैसे दुनिया में पूर्वी देश विकास की दौड़ में आगे जा रहे हैं, वैसे ही भारत में ये दौर हमारे पूर्वी राज्यों का है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

  • 12:55 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'चंपारण की धरती ने इतिहास बनाया है'

    जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'ये धरती चंपारण की धरती है। इस धरती ने इतिहास बनाया है। आजादी के आंदोलन के इस धरती ने गांधी जी को नई दिशा दिखाई। अब इसी धरती की प्रेरणा बिहार का नया भविष्य भी बनाएगी।'

  • 12:49 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    PM मोदी ने भोजपुरी में किया संबोधन

    पीएम मोदी ने भोजपुरी में संबोधन को शुरू करते हुए कहा, "सावन के इ पवित्र माह में हम बाबा सोमेश्वर नाथ के चरण में प्रणाम करत बानी। आ उनका से हम आशीर्वाद मांगतानी की संपूर्ण बिहारवासियों के जीवन में सुख शुभ होखे।" 

  • 12:44 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    PM मोदी ने वितरित की आवास की चाबी

    प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत विभिन्न लाभार्थियों को पीएम मोदी ने आवास की चाबी सौंपी। इस दौरान लाभार्थियों को चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।

     

  • 12:35 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    PM मोदी ने विभिन्न परियोजनाओं का किया उद्घाटन/शिलान्यास

    पीएम मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर बिहार में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मंच पर मौजूद रहे। 

     

  • 12:34 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    NDA की सरकार में बिहार का विकास

    पहले की सरकारों ने बिहार का बुरा हाल किया था। पहली की सरकारों ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया। 2005 से पहले बिहार का बुरा हाल था। NDA की सरकार में बिहार का विकास किया गया।

  • 12:34 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    एक करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार: CM नीतीश

    अगले पांच सालों में हम 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देंगे। इसके अलावा सरकार की तरफ से मुफ्त बिजली मुहैया कराई जाएगी। 

  • 12:30 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    हम बिहार के लिए झोला लेकर जाते हैं, वो बोरा भरकर भेजते हैं: सम्राट चौधरी

    मोदी दी 2014 में आए और 2025 में आज 11 साल में 14 लाख करोड़ रुपया बिहार के विकास के लिए दिया। हम दिल्ली झोला लेकर जाते हैं और मोदी जी बिहार के लिए बोरा में पैसा भरकर भेजते हैं।

  • 12:21 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इन लाभार्थियों के लिए जारी करेंगे राशि

    प्रधानमंत्री दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) के तहत पीएम मोदी बिहार में लगभग 61500 स्वयं सहायता समूहों को 400 करोड़ रुपये जारी करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी 12000 लाभार्थियों के गृह प्रवेश के तहत कुछ लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपेंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 40000 लाभार्थियों को 160 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी करेंगे।

     

  • 12:12 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बिहार को चार अमृत भारत ट्रेनों की सौगात

    भविष्य के लिए तैयार रेलवे नेटवर्क की अपनी कल्‍पना के अनुरूप PM मोदी राजेन्‍द्र नगर टर्मिनल (पटना) से नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी से दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल), दरभंगा से लखनऊ (गोमती नगर) और मालदा टाउन से लखनऊ (गोमती नगर) के बीच भागलपुर के रास्ते चार नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी में सुधार होगा।

  • 12:04 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दरभंगा और पटना को भी मिलेगी ये सौगात

    पीएम मोदी दरभंगा में नए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) और पटना में एसटीपीआई की अत्याधुनिक इनक्यूबेशन सुविधा का उद्घाटन करेंगे। इसका उद्देश्य आईटी/आईटीईएस/ईएसडीएम उद्योग और स्टार्टअप को बढ़ावा देना है। ये सुविधाएं आईटी सॉफ्टवेयर और सेवा निर्यात को बढ़ावा देने में मदद करेंगी। यह नवोदित उद्यमियों के लिए तकनीकी स्टार्टअप इको सिस्‍टम का पोषण भी करेगा और नवाचार, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) और उत्पाद विकास को प्रोत्साहित करेगा।

  • 11:53 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    मोतिहारी पहुंचे पीएम मोदी

    पीएम मोदी इस समय मोतिहारी जिले में पहुंच गए। यहां स्थानीय लोगों और भाजपा के पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भारत माता की जय और मोदी मोदी के नारे लगाए गए।

  • 11:39 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बिहार में इन सड़क मार्गों का उद्घाटन

    पीएम मोदी 820 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले एनएच-319 के परारिया से मोहनिया तक 4-लेन वाले खंड का भी उद्घाटन करेंगे। यह एनएच-319 का वह हिस्सा है जो आरा शहर को एनएच-02 (स्वर्णिम चतुर्भुज) से जोड़ता है। इसके अलावा, एनएच-333सी पर सरवन से चकाई तक पक्की सड़क के साथ 2-लेन का निर्माण भी किया जाएगा।

  • 11:24 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बिहार में रेलवे की इन परियोजनाओं का शिलान्यास

    पीएम मोदी इन रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसमें पाटलिपुत्र में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव हेतु बुनियादी ढांचे का विकास। भटनी-छपरा ग्रामीण रेल लाइन (114 किमी) पर स्वचालित सिग्नलिंग। भटनी-छपरा ग्रामीण खंड में ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए कर्षण प्रणाली का आधुनिकीकरण। लगभग 4080 करोड़ रुपये की लागत से दरभंगा-नरकटियागंज रेल लाइन दोहरीकरण।

  • 11:08 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बिहार में रेलवे की इन परियोजनाओं का उद्घाटन

    पीएम मोदी बिहार में रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसमें समस्तीपुर-बछवाड़ा रेल लाइन के बीच स्वचालित सिग्नलिंग शामिल है। दरभंगा-थलवाड़ा और समस्तीपुर-रामभद्रपुर रेल लाइनों का दोहरीकरण। 

  • 10:57 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पश्चिम बंगाल को मिलेंगी ये सौगातें

    पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी तेल एवं गैस, बिजली, सड़क और रेल क्षेत्रों से जुड़ी अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

  • 10:51 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बिहार को मिलेंगी ये सौगातें

    पीएम मोदी बिहार में रेल, सड़क, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों से जुड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

  • 10:43 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दुर्गापुर में 5000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास

    पीएम मोदी पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में दोपहर 3 बजे 5000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। यहां भी पीएम मोदी एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

  • 10:38 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    मोतिहारी में 7200 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास

    पीएम मोदी सुबह 11:30 बजे मोतिहारी जिले में 7200 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह यहां पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत