भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन ग्लोबल कॉन्फ्रेंस ऑफ यंग पार्लियामेंटेरियन्स में भारत की तरफ से शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 4 से 6 सितंबर के बीच उज्बेकिस्तान के समरकंद में होगा। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनका नाम आगे बढ़ाया है। इसके लिए उन्होंने उपराष्ट्रपति का आभार भी जताया। राघव चड्ढा ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है।
राघव चड्ढा ने एक्स पर एक फोटो शेयर की, जिसमें वह अपने बैग के साथ एयरपोर्ट पर नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में पासपोर्ट और अन्य डॉक्यूमेंट भी नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि इस कार्यक्रम में भारत के पास देने के लिए बहुत कुछ है। राघव चड्ढा पिछले साल ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम में भी शामिल हो चुके हैं। इससे पहले विश्व आर्थिक मंच ने भी यंग ग्लोबल लीडर सम्मान के लिए उन्हें चुना था।
एक्स पर जताई खुशी
राघव चड्ढा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "12वें इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन ग्लोबल कॉन्फ्रेंस ऑफ यंग पार्लियामेंटेरियन्स में इंडियन पार्लियामेंट को रिप्रेजेंट करने के लिए चुने जाने पर मुझे गर्व है। इस डेलीगेशन में मुझे नॉमिनेट करने के लिए मैं भारत के माननीय वाइस प्रेसिडेंट का शुक्रिया अदा करता हूं। 1889 में बनी और जिनेवा में हेडक्वार्टर वाली आईपीयू, दुनिया की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी नेशनल पार्लियामेंट्स की बॉडी है, जिसमें 180 मेंबर पार्लियामेंट्स और 15 एसोसिएट मेंबर एक साथ आते हैं।"
मानव अधिकारों पर होगी चर्चा
राघव चड्ढा ने बताया कि "मुश्किल समय में सभी के लिए ह्यूमन राइट्स, जस्टिस और डिग्निटी को वापस पाना" इस साल की थीम है। उन्होंने लिखा कि तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में दुनिया भर के युवा सांसद (चुने हुए जन प्रतिनिधि) आपस में चर्चा करेंगे। इस दौरान युवाओं के अधिकार, डिजिटल राइट्स, ऑनलाइन सेफ्टी, क्लाइमेट रेजिलिएंस और यूथ के लिए जस्टिस और इकोनॉमिक मौके पर डिबेट करेंगे। राघव ने लिखा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ी लौकतंत्र है और भारत की जनसंख्या दुनिया की सबसे युवा आबादी में भी शामिल है। इन सभी सवालों पर, भारतीय संसद के पास देने के लिए बहुत कुछ है और सीखने के लिए भी काफी कुछ है।
पीएम के दौरे के बाद हो रहा कार्यक्रम
पीएम मोदी ने हाल ही में उज्बेकिस्तान का दौरा किया था। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हुए। वहीं, अब राघव उसी देश का दौरा कर रहे हैं। इस पर उन्होंने लिखा, "जैसा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी-अभी उज्बेकिस्तान का अपना सफल दौरा खत्म किया है, यह हमारे डेलीगेशन के लिए खुशी की बात है कि वह हमारी पार्टनरशिप के पार्लियामेंट्री साइड पर मोमेंटम को आगे बढ़ाने में एक छोटी सी भूमिका निभाए।"
यह भी पढ़ें-
पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम गायब, भड़के राघव चड्ढा बोले- "ये गलती नहीं, राजनीतिक बदला है"