1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Rahul Gandhi Remark on Regional Parties : क्षेत्रीय दलों को लेकर दिए बयान पर घिरे राहुल गांधी, जानें किस दल ने क्या कहा

Rahul Gandhi Remark on Regional Parties : क्षेत्रीय दलों को लेकर दिए बयान पर घिरे राहुल गांधी, जानें किस दल ने क्या कहा

 Published : May 17, 2022 03:58 pm IST,  Updated : May 17, 2022 04:00 pm IST

जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी ने कहा कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों से डर महसूस कर रही है।

Rahul Gandhi- India TV Hindi
Rahul Gandhi Image Source : PTI

Highlights

  • क्षेत्रीय दल भाजपा को नहीं हरा सकते क्योंकि उनके पास विचारधारा का अभाव-राहुल
  • क्षेत्रीय दलों के बल पर 10 वर्षों तक कांग्रेस ने सत्ता का आनंद लिया-कुमारस्वामी
  • क्षेत्रीय दलों को ‘ड्राइविंग सीट’ दें और खुद ‘सहयात्री’ बन जाएं-मनोज झा

Rahul Gandhi Remark on Regional Parties : कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का क्षेत्रीय दलों को लेकर दिया गया बयान अब उनपर भारी पड़ रहा है। राहुल के बयान के बाद अब विभिन्न क्षेत्रीय दलों ने उनपर पलटवार शुरू कर दिया है। दरअसल, राहुल गांधी ने उदयपुर के कांग्रेस चिंतन शिविर में यह दावा किया था कि कोई भी क्षेत्रीय दल भाजपा को नहीं हरा सकता क्योंकि उनके पास विचारधारा का अभाव है। राहुल ने यह कहा था कि कांग्रेस ही यह लड़ाई लड़ सकती है। राहुल के इस बयान पर क्षेत्रीय दलों की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है। 

क्षेत्रीय दलों के बल पर 10 वर्षों तक सत्ता का आनंद लिया-कुमारस्वामी

जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी ने कहा कि कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों से डर महसूस कर रही है। कुमारस्वामी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष से क्षेत्रीय दलों को वैचारिक प्रतिबद्धता के बारे में विस्तार से बताने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि देश के अधिकतर हिस्सों में आज कांग्रेस की कोई उपस्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें (राहुल) यह नहीं भूलना चाहिए कि उनकी पार्टी कांग्रेस ने क्षेत्रीय दलों के बल पर 10 वर्षों तक सत्ता का आनंद लिया।

क्षेत्रीय दलों को ‘ड्राइविंग सीट’ दें और खुद ‘सहयात्री’ बन जाएं-मनोज झा

वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने भी राहुल के दावे को अजीब बताया। पार्टी के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि कांग्रेस से भाजपा के खिलाफ क्षेत्रीय दलों के मजबूती से लड़ने के हालिया इतिहास को देखने को कहा। राजद ने कहा कि कांग्रेस नेता के दावे ‘अजीब’ हैं और ये उनकी खुद की पार्टी के रुख से मेल नहीं खाते। मनोज कुमार झा ने कहा कि क्षेत्रीय दल भाजपा के खिलाफ लड़ाई में लोकसभा में बड़ी संख्या में सीटों के साथ मजबूत स्थिति में हैं और कांग्रेस को लोकसभा की 543 सीटों में से 320 में से अधिक पर क्षेत्रीय दलों के सदस्यों को देखते हुए उन्हें ‘ड्राइविंग सीट’ पर रहने देना चाहिए और खुद ‘सहयात्री’ बन जाना चाहिए।

लोग अब यकीन नहीं करते कि कांग्रेस बीजेपी की असली विरोधी-टीएमसी

उधर, ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस ने भी राहुल गांधी पर पलटवार किया। टीएमसी ने अपने मुखपत्र 'जागो बांग्ला' के संपादकीय में कहा कि लोग अब इस बात पर यकीन नहीं करते कि कांग्रेस भाजपा की असली विरोधी है। लोगों ने अपने अनुभव से जाना है कि विरोधी चेहरा अब ममता बनर्जी हैं। बीजेपी भी इस बात को समझती है इसलिए उनके निशाने पर टीएमसी रहती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत