1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल को सजा मिलने के बाद केजरीवाल का आया रिएक्शन, जानें किसने क्या कहा

राहुल को सजा मिलने के बाद केजरीवाल का आया रिएक्शन, जानें किसने क्या कहा

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Mar 23, 2023 01:43 pm IST,  Updated : Mar 23, 2023 01:43 pm IST

राहुल को सजा का ऐलान होते ही नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे कांग्रेस से मतभेद हैं लेकिन राहुल को फंसाना ठीक नहीं है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी- India TV Hindi
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी Image Source : FILE PHOTO

गुजरात की सूरत जिला अदालत ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को 2019 में उनकी 'मोदी सरनेम' टिप्पणी को लेकर मानहानि के मामले में दोषी ठहराया। गांधी को भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 के तहत दोषी ठहराया गया। इस धारा के तहत अधिकतम दो साल की सजा है। हालांकि इस मामले में राहुल गांधी को तुरंत जमानत भी मिल गई है। राहुल को सजा का ऐलान होते ही नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे कांग्रेस से मतभेद हैं लेकिन राहुल को फंसाना ठीक नहीं है।

"हमारे कांग्रेस से मतभेद हैं मगर..."

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, "गैर बीजेपी नेताओं और पार्टियों पर मुक़दमे करके उन्हें ख़त्म करने की साज़िश हो रही है। हमारे कांग्रेस से मतभेद हैं मगर राहुल गांधी जी को इस तरह मानहानि मुक़दमे में फ़साना ठीक नहीं। जनता और विपक्ष का काम है सवाल पूछना। हम अदालत का सम्मान करते हैं पर इस निर्णय से असहमत हैं।"

राहुल को सजा पर प्रियंका गांधी ने क्या कहा
वहीं इस मामले पर राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, "डरी हुई सत्ता की पूरी मशीनरी साम, दाम, दंड, भेद लगाकर राहुल गांधी जी की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे। सच बोलते हुए जिये हैं, सच बोलते रहेंगे। देश के लोगों की आवाज उठाते रहेंगे। सच्चाई की ताकत व करोड़ों देशवासियों का प्यार उनके साथ है।"

जयराम रमेश बोले- ये न्यू इंडिया है
वहीं जयराम रमेश ने कहा कि ये न्यू इंडिया है, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाओगे तो ED-CBI, पुलिस, FIR सबसे लाद दिए जाओगे। राहुल गांधी जी को भी सच बोलने की, तानाशाह के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने की सजा मिल रही है। देश का कानून राहुल गांधी जी को अपील का अवसर देता है, वह इस अधिकार का प्रयोग करेंगे। हम डरने वाले नहीं हैं।

"विपक्ष को कुचलना चाहती है केंद्र सरकार"
वहीं मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी को सजा दिए जाने के मामले में AAP ने केंद्र सरकार को घेरा है। दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष को कुचलना चाहती है। साथ ही कहा कि मौजूदा हालात इमरजेंसी से भी ज्यादा खतरनाक हैं।  

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने क्या कहा
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी राहुल की सजा पर कहा, "कायर, तानाशाह भाजपा सरकार राहुल गांधी और विपक्ष से तिलमिलाई हुई है क्योंकि हम उनके काले कारनामों को उजागर कर रहे हैं। JPC की मांग कर रहे हैं।  राजनैतिक दिवालियेपन की शिकार मोदी सरकार, ED, पुलिस भेजती है। राजनैतिक भाषणों पर केस थोपती है। हम हायर कोर्ट में अपील करेंगे।"  

जैसा बीज बोएंगे वैसा ही पौधा निकलेगा- मीनाक्षी लेखी
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि जैसा बीज बोएंगे वैसा ही पौधा निकलेगा। मनमोहन सिंह और शरद यादव व अन्य ने मिलकर कानून में संशोधन किया था जिसमें 2 साल नहीं बल्कि 5 साल की अगर सज़ा हो तब संसद की सदस्यता खत्म होनी चाहिए और इन्होंने उस बिल को जनता के सामने फाड़ा था।

सुधांशु त्रिवेदी बोले- राहुल ने लीगली भी आधार खो दिया
राहुल की सज़ा पर बीजेपी का रिएक्शन भी सामने आया है। बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा है कि राहुल गांधी ने एक समुदाय को अपमानित करने का काम किया है। राहुल गांधी का काम भारत तोड़ो का प्रतीक है। उन्होंने लीगली भी आधार खो दिया है।

"राहुल के बयान के चलते डूब रही कांग्रेस"
केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि राहुल गांधी जो भी बोलते हैं उससे सिर्फ नुकसान ही होता है और उनके बयानों के कारण ही कांग्रेस पार्टी भी डूब रही है। संसद भवन परिसर में मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय कानून मंत्री रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी जो भी बोलते हैं, आजकल उससे सिर्फ नुकसान ही होता है। उनके बयान से उनकी पार्टी को तो नुकसान होता ही है लेकिन ये देश के लिए भी अच्छा नहीं है।

ये भी पढ़ें-

मोदी सरनेम मानहानि केस में राहुल गांधी को 2 साल की सजा, पर नहीं जाएंगे जेल

जिस केस में राहुल गांधी को हुई 2 साल की सजा, जानें क्या है वो मोदी सरनेम मानहानि मामला
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत