1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'अमीर नेता पार्टी फंड में चंदा देने में कंजूसी ना करें', बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं से बोले राहुल गांधी

'अमीर नेता पार्टी फंड में चंदा देने में कंजूसी ना करें', बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं से बोले राहुल गांधी

 Reported By: Vijai Laxmi Written By: Sudhanshu Gaur
 Published : Jan 04, 2024 06:22 pm IST,  Updated : Jan 04, 2024 06:22 pm IST

कांग्रेस पार्टी के 138 वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी 'देश के लिए दान' कैम्पेन चलाकर चंदा इकट्ठा कर रही है। इसकी शुरुआत पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चंदा देकर की थी। अब इसके बाद राहुल गांधी ने नेताओं से अपील की है।

Rahul Gandhi, Congress- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: आजकल के समय में चुनाव लड़ना बेहद ही खर्चीला हो चुका है। राजनीतिक दल को चलाने के लिए भी हर रोज लाखों रुपयों जा खर्चा आता है। हर रोज बैठकें होती हैं। रैलियां और सभाएं आयोजित की जाती हैं। चुनावों में पार्टियां अपने उम्मीदवारों को लड़ने के लिए फंड भी देती हैं। इसके साथ ही तमाम कार्यालय खर्च होते हैं। यह सब खर्चे अक्सर चंदे के द्वारा मिले पैसों से ही किए जाते हैं। 

अगले चंद हफ़्तों में लोकसभा चुनाव होना है। इसके लिए राजनैतिक पार्टियां तैयारी करने में जुटी हुई हैं। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी पूर्व से पश्चिम दिशा की ओर भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी निकाल रही है। इस यात्रा में भी करोड़ों रुपयों का खर्चा आने वाला है। इससे पहले ही पार्टी ने दिसंबर 2023 चंदा लेने की शुरुआत की थी। इसमें पार्टी के 138 वर्ष पूरे होने पर आम लोगों के साथ-साथ पार्टी नेताओं से चंदा देने की अपील की गई थी। 

'धनवान नेता पार्टी फंड में चंदा देने में बिलकुल भी कंजूसी ना करें'

अब गुरुवार को केंद्रीय कार्यालय में हुई एक बैठक के दौरान राहुल गांधी ने पार्टी ने धनवान नेताओं को भी निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने अमीर नेताओं से कहा है कि वे लोग पार्टी फंड में चंदा देने में बिलकुल भी कंजूसी ना करें। उन्होंने कहा कि इस चंदे की सहायता से ही पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव समेत कई अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इसलिए धनवान नेता पार्टी फंड में चंदा देने में बिलकुल भी कंजूसी ना करें।

'14 जनवरी से शुरू होगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा'

वहीं दिल्ली में हुई इस बैठक के बाद पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने आगामी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर तमाम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि यह यात्रा देश के 15 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान यह लगभग 6713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान लगभग 66 दिन लगेंगे और यह 15 राज्यों के 110 जिलों में जाएगी। यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे और यात्रा इंफाल से शुरू होकर मुंबई में खत्म होगी। 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत