1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. रेलवे पर पीएम मोदी का क्यों है पूरा फोकस? मंत्री पद संभालते ही अश्विनी वैष्णव ने बताई वजह

रेलवे पर पीएम मोदी का क्यों है पूरा फोकस? मंत्री पद संभालते ही अश्विनी वैष्णव ने बताई वजह

 Reported By: Bhaskar Mishra, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 11, 2024 10:01 am IST,  Updated : Jun 11, 2024 10:21 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में अश्विनी वैष्णव को रेल मंत्रालय के साथ ही सूचना-प्रसारण और आईटी मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है. मंगलवार सुबह अपने सभी पदों का कार्यभार संभालते ही अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में रेलवे में अभूतपूर्व परिवर्तन किया गया है।

रेल और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव- India TV Hindi
रेल और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव Image Source : FILE PHOTO-PTI

रविवार को मंत्री पद की शपथ लेते ही केंद्र में मोदी 3.O की सरकार एक्शन मोड में आ गई है। विभाग सौंपे जाने के बाद आज मंत्री अपना पदभार संभाल रहे हैं। अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार सुबह रेल मंत्री का कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने पीएम मोदी को देश की सेवा करने के लिए फिर से चुना और अपना आशीर्वाद दिया है। आने वाले सालों में रेलवे की बहुत बड़ी भूमिका होगी। पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे में बहुत ज्यादा सुधार किए हैं।

रेलवे आम आदमी के परिवहन का साधन 

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इनमें रेलवे का विद्युतीकरण, ट्रैक पर नई पटरियां बिछाई जाना, कई तरह की नई ट्रेनें और रेलवे में नई सेवाएं और स्टेशनों का पुनर्विकास शामिल है। ये सभी पिछले 10 सालों में रेलवे विभाग में पीएम मोदी की बड़ी उपलब्धियां हैं। अश्विनी वैष्णव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रेलवे को हमेशा ही फोकस में रखा है, क्योंकि रेलवे आम आदमी के परिवहन का साधन है। हमारे देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ है।

मोदी का रेलवे से भावनात्मक जुड़ाव

इसके साथ ही रेल मंत्री ने कहा कि इन्हीं सब चीजों को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी का रेलवे पर बहुत ज्यादा फोकस है। पीएम मोदी का रेलवे से भावनात्मक जुड़ाव है। वह इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हैं। वह इस कार्यकाल में भी रेलवे के लिए अभूतपूर्व काम करेंगे। 

रेलवे के साथ इन दो और मंत्रालय को संभाल रहे अश्विनी वैष्णव

बता दें कि अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल में रेलवे के साथ ही सूचना-प्रसारण और आईटी मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली है। मंगलवार सुबह उन्होंने तीनों ही मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। ऑफिस के सभी सहयोगियों और कर्मचारियों से उन्होंने बातचीत की और काम का जायजा लिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत