Saturday, March 07, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. संजय सिंह की गिरफ्तारी पर भड़का विपक्ष, भाजपा ने दिया जवाब, AAP ने बुलाई आपात बैठक

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर भड़का विपक्ष, भाजपा ने दिया जवाब, AAP ने बुलाई आपात बैठक

Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha Published : Oct 04, 2023 08:48 pm IST, Updated : Oct 05, 2023 06:05 am IST

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद देश के अन्य विपक्षी दलों के नेताओं का भी बयान सामने आ रहा है। अरविंद केजरीवाल समेत कई विपक्षी दलों के नेता संजय सिंह के घर पहुंच रहे हैं। इस गिरफ्तारी पर विवाद भी शुरू हो चुका है।

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बवाल।- India TV Hindi
Image Source : PTI संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बवाल।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार की शाम आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को दिल्ली शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कर लिया है। संजय सिंह को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उनकी गिरफ्तारी ने देश की सियासत गरमा दी है। AAP समेत विभिन्न विपक्षी दलों ने सरकार पर एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। तो वहीं, भाजपा ने भी इसका जवाब दिया है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने इस मामले नमें आपात बैठक बुलाई है। आइए जानते हैं संजय सिंह की गिरफ्तारी पर किसने क्या कहा।

परिवार ने बताया बेगुनाह

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर उनकी राधिका सिंह ने कहा कि एक निर्दोष व्यक्ति को इस प्रकार से गिरफ्तार करना गुनाह है। मेरा बेटा निर्दोष है, इतना ईमानदार लड़का मैंने नहीं देखा है। ये सारे आरोप बेबुनियाद हैं। वहीं, उनकी पत्नी अनिता सिंह ने कहा कि पूछताछ की गई, छानबीन की गई उन्हें कुछ भी नहीं मिला। ED पर गिरफ़्तारी का दबाव था और उन्होंने गिरफ़्तार किया। उन्होंने (संजय सिंह) कहा कि तुम एक बहादुर व्यक्ति की बहादुर पत्नी हो इसलिए तुम हिम्मत मत हारना। वहीं, संजय के पिता ने ने बताया कि हमने कहा कि हम हर कदम पर सहयोग करेंगे। संजय जाने लगे तब हमने कहा जाओ घबराना नहीं। उन्हें कोई आधार नहीं मिला था। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कहा गया था इसलिए गिरफ्तारी हुई है। इसके सकारात्मक परिणाम आएंगे, सत्ता परिवर्तन होगा। उन्होंने उसे पकड़ा जिसे बिना किसी जुर्म के निलंबित किया गया। जिसे  निलंबित करना चाहिए था, उसे राजस्थान का इंचार्ज बना दिया गया।

भड़की AAP
संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी बुरी तरह भड़क उठी है। पार्टी ने आपात बैठक भी बुलाई है। अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि संजय सिंह की गिरफ़्तारी बिलकुल गैर कानूनी है। ये मोदी जी की बौखलाहट दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करेंगे। वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भारतीय संसद में लोगों की सबसे मजबूत आवाज संजय सिंह को जिस प्रकार से बिना किसी सबूत, बिना किसी ठोस कारण गिरफ्तार किया गया गया है, इससे साबित होता है कि प्रधानमंत्री जी जानते हैं कि वे चुनाव हार रहे हैं। 

अखिलेश का भी बयान
आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है. दुख की बात यह है कि जिन लोगों को जनता ने चुना है, वे ही अन्याय कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी है और उन्होंने (बीजेपी) अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा नहीं किया है।  सभी विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं। न केवल विपक्षी नेता बल्कि बीजेपी नेता भी कह रहे हैं कि यह गलत है। 

राजद-कांग्रेस क्या बोली?
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद देश के अन्य विपक्षी दलों के नेताओं का भी बयान सामने आ रहा है। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि कल पत्रकारों पर कार्रवाई हुई और आज आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह को गिरफ़्तार किया गया। सच बोलेंगे, जनता की आवाज़ उठाएंगे तो वहां पर आपकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जाएगा। आने वाला दिन में इनका प्रयास होगा कि बिहार और झारखंड में भी छापेमारी की जाए। वहीं, दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि कांग्रेस किसी भी अनियमितता का समर्थन नहीं करती है, जो शराब घोटाले में दोषी हैं उनके ख़िलाफ कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन एजेंसी का दुरुपयोग भी नहीं होना चाहिए। 

अब केजरीवाल की बारी- भाजपा
दूसरी ओर संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने AAP पर निशाना साधा है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जितना भी शोर मचा लें, पैसे खाए हैं तो सच्चाई सामने आएगी ही। उन्होंने कहा कि संजय सिंह की गिरफ़्तारी से पता चल गया कि सच्चाई छुप नहीं सकती। संजय सिंह के बाद अरविंद केजरीवाल अब देखिए होता है क्या। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह गिरफ़्तारी हुई क्योंकि जिन्होंने पैसे दिए उन्होंने खुद बताया कि पैसे दिए गए हैं। संजय सिंह की गिरफ़्तारी यह दर्शाती है कि सिर्फ संजय सिंह ही नहीं बल्कि इसकी आंच अरविंद केजरीवाल तक भी जाएगी।

मीनाक्षी लेखी-राजभर का भी बयान
संजय सिंह की गिरफ्तारी पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि विपक्ष के लोग शासन की व्यवस्था में राज करने और अपने घर परिवार को बेहतर करने के लिए आए हैं। ये मोदी सरकार है जिसने तय किया है कि ना खाऊंगा ना खाने दूंगा। देश की जांच एजेंसियां भारत के नियम और कानून के तहत बनाई गई है ताकि देश में भ्रष्टाचार न हो। अगर भ्रष्टाचार किया है तो जांच भी होगी और सजा भी होगी। वहीं, भाजपा की सहयोगी दल सुभासपा के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि कोई न कोई मामला है तभी ED-CBI गिरफ़्तार कर रही है। संजय सिंह जी अगर निर्दोष हैं तो न्यायालय है और वे बरी हो जाएंगे। 

ये भी पढ़ें- सिक्किम: सैलाब में लापता जवानों में से एक को बचाया गया, अन्य 22 के लिए सर्च ऑपरेशन जारी

ये भी पढ़ें- Explainer: क्या है महादेव एप स्कैम, जिसमें रणबीर कपूर को मिला समन? हर रोज 200 करोड़ कमा रही थी कंपनी

 

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement