1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'दुनिया में जाकर भारत का संदेश देंगे, अमेरिका में पार्टी नहीं देश की बात होगी', शशि थरूर का बड़ा बयान

'दुनिया में जाकर भारत का संदेश देंगे, अमेरिका में पार्टी नहीं देश की बात होगी', शशि थरूर का बड़ा बयान

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Shakti Singh
 Published : May 23, 2025 11:04 pm IST,  Updated : May 24, 2025 06:32 am IST

शशि थरूर ने साफ किया कि राहुल गांधी भले ही सरकार के फैसलों पर सवाल करते रहें, लेकिन अमेरिका में वह देश की बात करेंगे। वह दुनिया को यह समझाने की कोशिश करेंगे कि पाकिस्तान की तरफ से किस तरह आतंकवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने अमेरिका के लिए रवाना होने से पहले कहा कि वह देश से बाहर जाकर अपनी पार्टी नहीं, बल्कि अपने देश की बात करेंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका जाकर वह बताएंगे कि पिछले 40 साल से पाकिस्तान किस तरह आतंकवाद को पाल पोस रहा है। इससे भारत को किस तरह से नुकसान हो रहा है। शशि थरूर भारत की तरफ से अमेरिका जा रहे सांसदों के समूह का हिस्सा हैं। यह समूह अमेरिका में ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम हमले और भारत-पाकिस्तान तनाव को लेकर भारत का संदेश देगा।

शशि थरूर की अगुआई में एलजेपी (रामविलास) सांसद शांभवी, जेएमएम के डॉ. सरफराज अहमद, टीडीपी के जी.एम. हरीश बालयोगी, भाजपा के शशांक मणि त्रिपाठी और भुवनेश्वर कलिता और शिवसेना के मिलिंद देवड़ा अमेरिका का दौरा करेंगे। इस सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू और भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या भी शामिल हैं।

इन देशों में जाएंगे थरूर

शशि थरूर की अगुआई वाली सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के अलावा पनामा, गुयाना, ब्राजील, कोलंबिया का भी दौरा करेगा। इन सभी देशों में ये नेता आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को बेनकाब करेंगे। इसके साथ ही पहलगाम हमले और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की भी जानकारी देंगे। भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष और सीजफायर पर भी सभी देशों को जानकारी दी जाएगी।

सरकार ने सात प्रतिनिधिमंडल बनाए

केंद्र सरकार ने सात सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल बनाए हैं। इनमें सभी दलों के सांसद शामिल हैं। ये प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों और अन्य प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करेंगे और देश की आतंकवाद विरोधी नीति, सैन्य कार्रवाइयों और ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देंगे। ये प्रतिनिधिमंडल कुल 32 देशों और यूरोपीय संघ मुख्यालय (ब्रसेल्स) का दौरा करेंगे।

  1. बैजयंत पांडा (BJP) - सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन, अल्जीरिया  
  2. रविशंकर प्रसाद (BJP) - यूके, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली, डेनमार्क  
  3. संजय कुमार झा (JDU) - इंडोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, जापान, सिंगापुर  
  4. श्रीकांत एकनाथ शिंदे (शिवसेना) - यूएई, लाइबेरिया, कांगो, सिएरा लियोन  
  5. शशि थरूर (कांग्रेस) - अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील, कोलंबिया  
  6. कनिमोझी करुणानिधि (DMK) - स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया, रूस  
  7. सुप्रिया सुले (NCP-SP) - मिस्र, कतर, इथियोपिया, दक्षिण अफ्रीका 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत