केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे के बाद, उन्होंने रविवार को पश्चिम बंगाल में अपने सभी तय कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। गृह मंत्री शाह ने इस दुर्घटना को लेकर पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी से भी बात की है। अमित शाह ने इस घटना में हुई मौतों पर शोक भी जताया है।
अस्पताल में जाकर घायलों से मिलेंगे शाह
अमित शाह ने X पोस्ट में लिखा, 'अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का अत्यंत दु:खद समाचार मिला। इस संबंध में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात की। इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पश्चिम बंगाल के अपने कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूंगा। मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
पूजा पंडाल हादसे में 17 लोगों की मौत
गौरतलब है कि कोलकाता के चोरबागान में शाम करीब 7 बजकर 40 मिनट पर हादसा हुआ है। यहां दुर्गा पूजा पंडाल का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। जिसमें दबने से 17 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को 3 अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
CM शुभेंदु ने हादसे पर जताया शोक
इस घटना पर सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'यह एक दुखद घटना है। 17 लोगों की मौत हो गई है। क्लब की तरफ से एक घोषणा किए जाने के बाद वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। यह बहुत दुखद है। हमारी प्रॉयरिटी पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़े होना और यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को इलाज मिले। सरकार मिलकर काम कर रही है। मैं सभी पूजा कमेटियों से अपील करता हूं कि वे पुलिस के साथ तालमेल बिठाएं और बाहर निकलने के लिए उचित रास्ते सुनिश्चित करें।'
मामले की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी- CM शुभेंदु
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि थीम-आधारित पूजा के नाम पर, कई पंडालों के अंदर रोशनी की उचित व्यवस्था नहीं होती है। मैं सभी को भरोसा दिलाता हूं कि हम सबकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। एक जांच टीम यह पता लगाएगी कि असल में क्या हुआ था। कोलकाता पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वे निजी सुरक्षाकर्मियों और पूजा आयोजकों को हिरासत में लें। केस की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें- झारसुगुड़ा में अचानक आया भयंकर बवंडर, उखड़ गए टेंट और फूड स्टॉल, टला बड़ा हादसा