1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. इन तीन पार्टियों के हाथों में थलापति विजय की TVK का भविष्य, DMK-AIADMK गठबंधन पर क्या है चर्चा? यहां जानें

इन तीन पार्टियों के हाथों में थलापति विजय की TVK का भविष्य, DMK-AIADMK गठबंधन पर क्या है चर्चा? यहां जानें

 Reported By: T Raghavan, Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 08, 2026 10:43 am IST,  Updated : May 08, 2026 01:37 pm IST

तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK को सरकार बनाने के लिए अब तक 118 विधायकों का समर्थन नहीं मिल पाया है। TVK ने ऐलान किया है कि DMK और AIADMK गठबंधन हुआ तो पार्टी के सभी विधायक इस्तीफा दे देंगे।

thalapathy vijay tamil nadu govt formation- India TV Hindi
तमिलनाडु में सरकार पर बढ़ा सस्पेंस। Image Source : PTI

तमिलनाडु की राजनीति एक फिल्मी स्टाइल सस्पेंस की तरह हो गई है। राज्य में हर पल हालात बदलते जा रहे हैं। एक तरफ थलापति विजय की पार्टी टीवीके विधायकों का समर्थन जुटाने में लगी हुई है तो वहीं, रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एक-दूसरे की प्रतिद्वंदी DMK और AIADMK के बीच भी सरकार गठन को लेकर चर्चा चल रही है। हालांकि, अभी तक कोई औपचारिक फैसला नहीं लिया गया है। इस बीच TVK के समर्थन की अपील पर लेफ़्ट के नेताओं की बैठक में आज फैसला होगा। इस पूरे घटनाक्रम के बीच थलापति विजय की पार्टी TVK का भविष्य 3 दलों के फैसले पर टिका हुआ है। आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से।

इन तीन दलों के फैसले पर नजर

TVK का भविष्य अब तीन दलों CPI, CPM और VCK के हाथों में है। TVK ने इन तीनों पार्टियों से समर्थन का अनुरोध किया है। तीनों पार्टियों ने कहा है कि वे आज शाम तक अपने फैसले की घोषणा कर देंगी। तीनों पार्टियों के अंदर ये बातें उठ रही हैं कि जनादेश का सम्मान करते हुए TVK को समर्थन करना चाहिए, लेकिन नेतृत्व पर DMK का दबाव है कि वे सोच समझकर फैसला करें, ये तीनों दल अरसे से DMK गठबंधन का हिस्सा है।

गवर्नर ने क्या कहा?

तमिलनाडु के गवर्नर आर्लेकर अभी भी चेन्नई में हैं। गवर्नर आर्लेकर हालिया टिप्पणियों ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। गवर्नर ने कहा है कि उनके लिए संख्या (विधायी शक्ति) सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण है, जबकि गिनती नहीं। गवर्नर ने ये भी साफ किया है कि जिस भी पार्टी या गठबंधन के पास बहुमत साबित करने के लिए जरूरी 118 सदस्यों की संख्या होगी, वह उसे ही आमंत्रित करेंगे। वहीं, TVK और कांग्रेस पार्टी ने गवर्नर की टिप्पणियों पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

AIADMK और DMK क्या कर रहे

अप्रत्याशित रूप से, DMK-AIADMK गठबंधन चर्चा के केंद्र में आ गया है। इस बात को लेकर सस्पेंस बना हुआ है कि स्टालिन आखिरकार क्या फैसला लेंगे। कल, AIADMK के प्रमुख पलनीस्वामी ने पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में पार्टी के विधायकों के हस्ताक्षर इकट्ठा किए। पलनीस्वामी ने गवर्नर से मिलने का भी समय मांगा है। बता दें कि DMK ने अपने सभी MLA's को 10 मई तक चेन्नई में ही रहने को कहा है। TVK ने आज पनयूर पार्टी कार्यालय में विधायक दल की बैठक बुलाई है। अगर VCK और वामपंथी पार्टियां विजय को झटका देती हैं, तो DMK-AIADMK गठबंधन मुख्य भूमिका में आ सकता है। खबरों के मुताबिक, अगर DMK-AIADMK गठबंधन सरकार बनती है, तो विजय 107 विधायकों से इस्तीफा दिलवाने पर विचार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- DMK या AIADMK ने अगर सरकार बनाने कोशिश की, TVK के सभी 108 विधायक दे देंगे इस्तीफ़ा

TVK की दोस्ती पड़ी महंगी, पुराने दोस्त DMK ने कांग्रेस पर पीठ में छुरा घोंपने का लगाया आरोप, जानें क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत