1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. BJP विधायक ने अपनी ही पार्टी को कठघरे में खड़ा किया, उपचुनाव में हार को लेकर योगी पर साधा निशाना

BJP विधायक ने अपनी ही पार्टी को कठघरे में खड़ा किया, उपचुनाव में हार को लेकर योगी पर साधा निशाना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 26, 2018 08:20 pm IST,  Updated : Mar 26, 2018 08:28 pm IST

बीजेपी विधायक गोरखपुर एवं फूलपुर के लोकसभा उपचुनाव में पार्टी की हार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मंत्रियों पर निशाना साधा है...

yogi adityanath- India TV Hindi
yogi adityanath

बलिया (उप्र): भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने अपनी ही पार्टी को कठघरे में खड़ा किया और गोरखपुर एवं फूलपुर के लोकसभा उपचुनाव में पार्टी की हार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मंत्रियों पर निशाना साधा है।

अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियां बटोरने वाले बैरिया क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने फूलपुर एवं गोरखपुर में हाल में हुए लोकसभा के उपचुनाव में भाजपा की पराजय को लेकर न सिर्फ अपनी ही सरकार के मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों पर निशाना साधा है, बल्कि सपा से गठजोड़ करने को लेकर बसपा मुखिया मायावती पर भी जमकर हमला बोला है।

राज्यसभा के चुनाव में निर्वाचित सकलदीप राजभर के अभिनन्दन समारोह में सम्मिलित होने के उपरांत जिला मुख्यालय पर कल शाम पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने दावा किया कि गोरखपुर एवं फूलपुर के लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की गणित सपा एवं बसपा ने नहीं बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिगाड़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों ने अधिकारियों पर विश्वास कर जिस तरह एक वर्ष तक सरकार चलाया है, उसी का परिणाम गोरखपुर व फूलपुर का उपचुनाव है।

उन्होंने इसके साथ ही जोड़ा कि भाजपा को लोकसभा उपचुनाव में अधिकारियों पर विश्वास कर सत्ता चलाना भारी पड़ा क्योंकि पार्टी कार्यकर्ता इस चुनाव में उपेक्षा के कारण घर से नही निकले। उन्होंने भाजपा को आगाह करते हुए कहा कि नेता यदि इंजन होते हैं तो कार्यकर्ता इंजन के पेट्रोल। यदि पेट्रोल जलेगा ही नही तो इंजन काम कैसे करेगा। बसपा मुखिया पर उन्होंने आरोप लगाया कि मायावती के जीवन का उद्देश्य समाज का सेवा करना न होकर समाज का दोहन करके दाम कमाना है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा विधायक सिंह अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्खी में रहते रहे हैं। उन्होंने हाल ही में कुछ दिन पहले बयान दिया था कि वर्ष 2024 तक भारत हिन्दू राष्ट्र बन जायेगा। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत