1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. गौतमबुद्धनगर में छह माह में 57 अपराधियों की चल-अचल संपत्ति कुर्क

गौतमबुद्धनगर में छह माह में 57 अपराधियों की चल-अचल संपत्ति कुर्क

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 28, 2019 05:23 pm IST,  Updated : Jun 28, 2019 05:23 pm IST

दो वर्ष के अंदर जनपद गौतमबुद्ध नगर में सक्रिय 751 बदमाशों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध किया गया है, 6 माह के अंदर 57 अपराधियों की 122 चल- अचल संपत्ति जिला प्रशासन ने धारा 14 के तहत कुर्क की है। 

noida police- India TV Hindi
प्रतिकात्मक तस्वीर Image Source : TWITTER

नोएडा। दो वर्ष के अंदर जनपद गौतमबुद्ध नगर में सक्रिय 751 बदमाशों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध किया गया है, 6 माह के अंदर 57 अपराधियों की 122 चल- अचल संपत्ति जिला प्रशासन ने धारा 14 के तहत कुर्क की है। यह जानकारी जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर बीएन सिंह ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखा गया है, कि जनपद गौतमबुद्ध नगर में सक्रिय बदमाशों की अगर चल-अचल संपत्ति उनके जनपद में है तो वह उन्हें सूचित करें। उन्होंने बताया कि जिन बदमाशों की संपत्ति जिला प्रशासन ने कुर्क की है उन्हें 3 महीने का समय दिया गया है, कि वे इसका स्रोत बताए। ही जवाब देने में विफल रहने पर संपत्ति को जिला प्रशासन जब्त कर, जनपद न्यायाधीश को उसकी सूचना देगा। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी तहसीलदारों व रजिस्ट्रार विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है कि बदमाशों की चल- अचल संपत्ति की खरीद-फरोख्त ना हो।

प्रेस वार्ता में मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जल्द ही शासन से जनपद को 450 यातायात पुलिसकर्मी मिल जाएंगे। उन्होंने बताया कि जनपद में अवैध रूप से चलने वाले ऑटो रिक्शा तथा डग्गामार बसों के खिलाफ 10 जुलाई से एक विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की योजना तैयार की गई है।

एसएसपी ने बताया कि यातायात के उल्लंघन करने व प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर रोक लगाने के लिए वीडियो कैमरे से लैस 12 लोगों की एक टीम बनाई गई है। ये लोग शहर के 10 यातायात प्रभावित चौराहों पर खड़े होकर, नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों की वीडियो बनाएंगे, जबकि दो लोग शहर की विभिन्न जगहों पर घूमकर यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों की वीडियो तैयार करेंगे।

उन्होंने बताया कि यही टीम प्रदूषण फैलाने वाले लोगों पर भी नजर रखेगी। इन वीडियो के आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि अभी हाल ही में 23 जून को संपन्न हुए सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले 33 पुलिसकर्मियों व 65 सरकारी अधिकारियों का चालान किया गया है।

 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत