नोएडा: गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह कोविड-19 से पीड़ित हैं। बृहस्पतिवार रात को आई रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। उनके संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जा रही है। अपर पुलिस उपायुक्त (नोडल अधिकारी, कोविड-19) अंकुर अग्रवाल ने बताया कि नोएडा जोन प्रथम के अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह की तबीयत खराब होने पर उनकी कोविड-19 संबंधी जांच करवाई गई जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई।
Related Stories
अग्रवाल ने बताया कि सिंह का उपचार शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक ढाई सौ से ज्यादा पुलिसकर्मी कोविड-19 से पीड़ित पाए जा चुके हैं जिनमें से दो की मौत हो चुकी है।
इस बीच गौतम बुद्ध नगर जिला पुलिस ने कोविड-19 संबंधी प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर बिना मास्क के घूमने पर 1,281 लोगों के खिलाफ बृहस्पतिवार को कार्रवाई की।
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए गौतमबुद्ध नगर में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बिना मास्क बाहर घूमने पर 1,281 लोगों का बृहस्पतिवार को चालान किया।