1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. होली पर दिखी मुलायम परिवार में दूरी, अखिलेश-शिवपाल ने अलग-अलग खेली होली

होली पर दिखी मुलायम परिवार में दूरी, अखिलेश-शिवपाल ने अलग-अलग खेली होली

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 29, 2021 09:20 pm IST,  Updated : Mar 29, 2021 09:20 pm IST

देश में चर्चा के केंद्र में रहने वाली सैफई की होली अब मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल सिंह यादव हैं और सपा प्रमुख अखिलेश यादव, भाई रामगोपाल यादव के खेमों में बट गई है। इस बार होली पर मुलायम की गैर मौजूदगी में अखिलेश और शिवपाल का अलग-अलग मंच सजा।

Holi 2021: Akhilesh Yadav and Shivpal Yadav share different stage in Saifai- India TV Hindi
सैफई की होली अब शिवपाल सिंह यादव हैं और सपा प्रमुख अखिलेश यादव, भाई रामगोपाल यादव के खेमों में बट गई है। Image Source : PTI

इटावा: देश में चर्चा के केंद्र में रहने वाली सैफई की होली अब मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल सिंह यादव हैं और सपा प्रमुख अखिलेश यादव, भाई रामगोपाल यादव के खेमों में बट गई है। इस बार होली पर मुलायम की गैर मौजूदगी में अखिलेश और शिवपाल का अलग-अलग मंच सजा। अखिलेश यादव ने अपने चाचा प्रो़ रामगोपाल यादव और परिवार के सभी सदस्यों के साथ घर पर ही फूलों की होली खेली। वहीं, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने अपने पिता सुघर सिंह के नाम से बनाए गए एसएस मेमोरियल स्कूल में पंडाल लगाकर होली खेली, जहां उनके पुत्र आदित्य यादव भी साथ में रहे। 

पूर्व सांसद धर्मेद्र यादव, तेज प्रताप यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, कार्तिकेय यादव सहित परिवार के सदस्य अखिलेश यादव की होली में ही मौजूद नजर आए।लंबे अरसे से अपने भतीजे अखिलेश यादव से वैचारिक मतभेद के चलते प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का गठन कर चुके शिवपाल सिंह यादव ने होली के मौके पर इस बार एक नई इबारत लिख डाली है। उन्होंने अपने पिता सुधर सिंह के नाम पर स्थापित किए एसएस मेमोरियल स्कूल में होली का जश्न अपने समर्थकों के साथ मनाया।

जहां होली को गिले-शिकवे भुलाकर मनाया जाने वाला त्योहार माना जाता है, वहीं सैफई में ठीक इसके विपरीत स्थित देखने को मिली। इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि अखिलेश के खेमे का कोई सदस्य शिवपाल की होली में नहीं गया। हर साल सपा मुखिया अखिलेश यादव और महासचिव प्रो़ रामगोपाल यादव का संबोधन हुआ करता था, वह संबोधन आज नहीं सुनाई दिया।

इस बार पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव अस्वस्थ होने के चलते सैफई की होली में सम्मिलित नहीं हो सके। होली उत्सव के बीच अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि इतनी महंगाई की किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। किसान बर्बाद हो गया है। बेरोजगारी बढ़ रही है। कोरोना महामारी का डर दिखाकर सरकार ने लोगों का वेतन छीन लिया। अखिलेश बोले कि कोरोना महामारी से निकालने के बजाय सरकार जनता को और परेशान कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार दुर्भावना के साथ काम कर रही है। इटावा में लायन सफारी को आज तक चालू नहीं किया गया यहां के शेर गोरखपुर ले गए हैं। समाजवादियों के कामों को अपनी उपलब्धि बताया जा रहा है। पूरे प्रदेश में किसान और नौजवान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह अंतिम होली होगी। अगली बार प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत